1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. AAP ने किया MLA अमानतुल्लाह का बचाव, इस्तीफा नामंजूर

AAP ने किया MLA अमानतुल्लाह का बचाव, इस्तीफा नामंजूर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 11, 2016 06:51 pm IST,  Updated : Sep 11, 2016 07:03 pm IST

आम आदमी पार्टी ने अपने विधायक अमानतुल्लाह का इस्तीफ नामंजूर कर दिया है। ओखला से विधायक अमानतुल्लाह का जोरदार बचाव करते हुए पार्टी ने कहा कि जब वह काम करने की कोशिश कर रहे हैं तो उन्हें और उनके परिवार को बेवजह के विवादों में घसीटा जा रहा है।

रविवार को एक प्रेस...- India TV Hindi
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते मनीष सिसोदिया। (फोटो: PTI)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने अपने विधायक अमानतुल्लाह खान का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। ओखला से विधायक अमानतुल्लाह का जोरदार बचाव करते हुए पार्टी ने कहा कि जब वह काम करने की कोशिश कर रहे हैं तो उन्हें और उनके परिवार को बेवजह के विवादों में घसीटा जा रहा है। इससे पहले अमानतुल्लाह ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगने के बाद से पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।

पढ़ें: AAP MLA अमानतुल्लाह पर छेड़छाड़ का केस दर्ज, सभी पदों से इस्तीफा

अमानतुल्लाह पर बात करते हुए पार्टी ने कहा कि उनसे जुड़ा विवाद परिवार का अंदरूनी विवाद है जिसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और AAP के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि पार्टी की आंतरिक जांच में खान की कोई गलती सामने नहीं आई है और कहा कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा कि वह वक्फ बोर्ड में प्रभावशाली लोगों से जुड़े जमीन घोटालों का पर्दाफाश कर रहे हैं। उन्होने कहा कि ‘मैंने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री और अन्य सीनियर पार्टी नेताओं से बात की है और उनका इस्तीफा स्वीकार न करने का फैसला लिया है।’

सिसोदिया ने कहा, ‘हमने अन्य मामलों की तरह अमानतुल्लाह खान मामले में भी तथ्यों की जांच की। यह पारिवार का अंदरूनी मामला है। विवाद उनके साले के परिवार में है। बताया जा रहा है कि खान के साले और उनकी बीवी एक-दूसरे को तलाक दे चुके हैं। अमानतुल्लाह की उनसे कोई बातचीत भी नहीं है।’ इस दौरान दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और आम आदमी पार्टी की दिल्ली यूनिट के कोऑर्डिनेटर दिलीप पांडे भी सिसोदिया के साथ थे।

इस मौके पर सिसोदिया मीडिया पर भी हमला बोला और कहा कि तथ्यों की पुष्टि किए बगैर ही आप नेताओं के खिलाफ खबरें चलाई जा रही हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस को मोदीजी की पुलिस करार देते हुए उसपर भी निशाना साधा और कहा कि पुलिसकर्मियों के दिमाग में पहले से ही धारणा बनी हुई है और वे सच्चाई को जानने की कोशिश किए बगैर ही सिर्फ आरोप पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को उठा रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत