गांधीधाम: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कल अचानक हुई लाहौर यात्रा पर भाजपा के वयोवृद्ध नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा कि मोदी और सरकार के अन्य नेताओं को भारत-पाकिस्तान संबंध सुधारने की दिशा में अटल बिहारी वाजपेयी की पहल को आगे बढ़ाना चाहिए और आतंकवाद की परेशानी से छुटकारा पाना चाहिए।
हालांकि उन्होंने पार्टी सासंद कीर्ति आजाद के निलंबन पर किए गए सवालों से किनारा कर लिया। गौरतलब है कि आजाद ने दिल्ली जिला क्रिकेट बोर्ड (डीडीसीए) में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, जिसमें वित्तमंत्री अरूण जेटली भी कटघरे में थे। मोदी की कल अचानक हुई लाहौर यात्रा पर आडवाणी ने कहा, वाजपेयी जी द्वारा की गई पहल को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
आडवाणी ने कहा, मोदीजी और सरकार के अन्य लोगों को पाकिस्तान के संबंधों में क्रमिक सुधार करना चाहिए और आतंकवाद से मुक्ति पानी चाहिए, जो दोनों देशों के बीच मसला बना हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1999 में बस से भारत से लाहौर गए थे और 2004 में पाकिस्तान के साथ शांति की पहल की थी। मोदी कल काबुल से वापस लौटते हुए लाहौर में रूके थे और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के जन्मदिन पर उनके घर भी गए।