1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. हेलिकॉप्‍टर घोटाला: स्‍वामी ने सोनिया गांधी पर लगाया घूस का आरोप

हेलिकॉप्‍टर घोटाला: स्‍वामी ने सोनिया गांधी पर लगाया घूस का आरोप

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 27, 2016 12:45 pm IST,  Updated : Apr 27, 2016 02:53 pm IST

राज्यसभा में अगस्तावेस्टलैंड के मामले को लेकर बुधवार को हंगामा हुआ। कांग्रेस इस मुद्दे पर आक्रामक होकर बीजेपी को घेरने का प्रयास करती रही वहीं, बीजेपी मामले में कांग्रेस नेताओं का नाम आने पर हमलावार रही।

agusta rajya sabha- India TV Hindi
agusta rajya sabha

नई दिल्ली: राज्यसभा में अगस्तावेस्टलैंड के मामले को लेकर बुधवार को हंगामा हुआ। कांग्रेस इस मुद्दे पर आक्रामक होकर बीजेपी को घेरने का प्रयास करती रही वहीं, बीजेपी मामले में कांग्रेस नेताओं का नाम आने पर हमलावार रही। इस मामले को लेकर राज्‍यसभा में बुधवार को हंगामा हुआ। इसके चलते सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्‍थगित करनी पड़ी। राज्‍यसभा की कार्यवाही शुरू होने पर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने इस मामले में सोनिया गांधी का नाम लिया। इस पर कांग्रेस नेता हंगामा करने लगे। स्‍वामी ने इस मामले में चर्चा के लिए राज्‍यसभा में नोटिस भी दिया है। वहीं मीनाक्षी लेखी ने लोकसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया।

इस मामले पर स्वामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सौदे के दलाल क्रिश्चियन मिशेल के मौखिक बयान को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं जबकि इटली की कोर्ट में जो लिखित बयान दिया है और जिसके आधार पर कोर्ट ने अपने ऑर्डर में साफ-साफ इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में श्रीमती (सोनिया) गांधी का नाम लिया। जैसे ही मामले में उन्होंने सोनिया गांधी का नाम लिया कांग्रेस के सांसद वेल में आ गए और खूब हंगामा किया।

हंगामा देखते हुए सदन के पीठासीन अधिकारी ने सुब्रह्मण्यम स्वामी को चेताया कि सदन में ऐसे किसी सांसद का नाम नहीं लिया जाए जो इस सदन में आकर जवाब नहीं दे सकता है। स्वामी ने इसमें हामी भर दी लेकिन कांग्रेस के सदस्य हंगामा करने से बाज नहीं आए और सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।

बता दें कि मंगलवार को ही सुब्रह्मण्यम स्वामी को बीजेपी ने राज्यसभा का सदस्य बनवाया है। वैसे यह बात गौर करने की है कि सुब्रह्मण्यम स्वामी की राजनीति में उन्होंने राजनीतिक तौर पर सबसे ज्यादा हमला गांधी परिवार पर ही किया है। वे तमाम मुद्दे खासतौर पर गांधी परिवार के खिलाफ ही मीडिया में लाते रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत