1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सारे सर्वे बेकार, UP में फिर बनेगी सपा की सरकार: अखिलेश

सारे सर्वे बेकार, UP में फिर बनेगी सपा की सरकार: अखिलेश

 Written By: IANS
 Published : May 28, 2016 07:36 pm IST,  Updated : May 28, 2016 07:38 pm IST

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कौशांबी में दावा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में फिर एक बार समाजवादी पार्टी (SP) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जो सर्वे

akhilesh yadav- India TV Hindi
akhilesh yadav

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कौशांबी में दावा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में फिर एक बार समाजवादी पार्टी (SP) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जो सर्वे आ रहे हैं, चुनाव बाद सब झूठे साबित होंगे। अखिलेश ने शनिवार को यहां 163 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व करोड़ों की लागत वाली नौ परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

मूरतगंज-मंझनपुर चार-लेन मार्ग समेत कई योजनाओं का लोकार्पण और अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए यहां पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए बहुत काम किया है। इसी काम के आधार पर सूबे की जनता उनकी पार्टी को सरकार बनाने का फिर मौका देगी।

कार्यक्रम स्थल पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि जनता का प्यार देखते हुए हमें भरोसा है कि प्रदेश में एक बार फिर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। इस दौरान, मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पूर्ववर्ती बसपा सरकार और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि बसपा मुखिया को पत्थरों और मूर्तियों से लगाव था, जबकि सपा सरकार प्रदेश में विकास कार्य कर रही है।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने सबसे ज्यादा सांसद दिए हैं, फिर भी केंद्र की भाजपा सरकार इस प्रदेश की उपेक्षा कर रही है। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अच्छे दिन लाने की बात करते थे, लेकिन सरकार बनने के बाद वे सब भूल गए और प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। इस दौरान, अखिलेश ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लोगों को मुफ्त दवा मुहैया करा रही है। मुफ्त एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है। प्रदेश दुग्ध उत्पादन में सबसे आगे हो गया है। अमूल और अन्य डेयरी कंपनियां अब उत्तर प्रदेश में अपनी इकाई लगाने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की 55 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन दिया जा रहा है। जनसभा को पूर्व सांसद अतीक अहमद, शैलेंद्र कुमार समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।