लखनऊ: समाजवादी पार्टी और यूपी सरकार में जबरदस्त उठापटक चल रही है। आज एक ही दिन के अंदर कई बड़े फेरबदल कर दिए गए। यूपी कैबिनेट में शिवपाल से कई बड़े मंत्रालय छीन लिए गए हैं। शिवपाल यादव को आज ही अखिलेश की जगह पर पार्टी का यूपी अध्यक्ष बनाया गया था, जिसके बाद शिवपाल से सभी बड़े मंत्रालय ले लिए गए। अब उनके पास सिर्फ एक समाज कल्याण मंत्रालय ही बचा है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
मुलायम ने अखिलेश को UP अध्यक्ष पद से हटाया
इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने राज्य इकाई के मुखिया के तौर पर अपने बेटे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जगह अपने भाई और वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव को नियुक्त किया था। इस ऐलान के कुछ देर बाद अखिलेश ने शिवपाल यादव से तीन अहम विभाग छीन लिए। अखिलेश ने शिवपाल से PWD, सिंचाई और राजस्व विभाग छीन लिए। शिवपाल के पास अब सिर्फ समाज कल्याण विभाग ही है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने शिवपाल सिंह यादव को लिखे एक पत्र में कहा, ‘सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आपको उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह आशा की जाती है कि आपकी कड़ी मेहनत से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।’
सपा में जगजाहिर हुई अंदरूनी कलह
इस पत्र की एक प्रति अखिलेश यादव को भी भेजी गई थी। अखिलेश के शिवपाल सिंह के करीबी माने जाने वाले राज्य के मुख्य सचिव दीपक सिंघल को हटाकर उनकी जगह राहुल भटनागर को नियुक्त करने के कुछ घंटे बाद ही यह कदम उठाया गया। सिंघल ने करीब दो महीने पहले ही मुख्य सचिव का पदभार संभाला था।
अखिलेश और शिवपाल के बीच मतभेद पहले भी कई मौकों पर देखे गए हैं। आलोक रंजन का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्य के मुख्य सचिव के तौर पर अपनी पसंद के अधिकारी की नियुक्ति और कौमी एकता दल के सपा में विलय को टालना इसमें शामिल है। कौमी एकता दल के मुखिया माफिया से राजनेता बने मुख्तार अंसारी हैं।
अखिलेश ने शिवपाल के चहेते अफसर को हटाया
बताया जाता है कि दीपक सिंघल शिवपाल के करीबी हैं इसलिए चर्चा ये भी थी कि अखिलेश के इस फैसले से शिवपाल नाराज हो सकते हैं।