1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड में फ्लोर टेस्ट से पहले आया नया स्टिंग, विधायकों को 25-25 लाख का ऑफर!

उत्तराखंड में फ्लोर टेस्ट से पहले आया नया स्टिंग, विधायकों को 25-25 लाख का ऑफर!

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 09, 2016 08:06 am IST,  Updated : May 09, 2016 08:06 am IST

उत्तराखंड में राजनीतिक संकट खत्म होना तो दूर की बात है, यहां नए-नए खुलासों से रोजाना हलचल मच रही है। 10 मई को फ्लोर टेस्ट पहले अब एक न्यूज चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन जारी किया है।

rawat- India TV Hindi
rawat

नई दिल्ली: उत्तराखंड में राजनीतिक संकट खत्म होना तो दूर की बात है, यहां नए-नए खुलासों से रोजाना हलचल मच रही है। 10 मई को फ्लोर टेस्ट पहले अब एक न्यूज चैनल ने स्टिंग ऑपरेशन जारी किया है। इस स्टिंग में कांग्रेस के बागी विधायक हरक सिंह रावत और कांग्रेस के विधायक मदन सिंह बिष्ट बातचीत कर रहे हैं। इस बातचीत में मदन सिंह बिष्ट ये दावा कर रहे हैं कि 12 विधायकों को 25-25 लाख रुपये दिए गए हैं। स्टिंग जारी करने वाले न्यूज चैनल का दावा है कि ये स्टिंग पिछले 10 दिनों में किया गया है और ये दिल्ली में हरक सिंह रावत के घर पर किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने इस पर रविवार को कहा, 'रावत सत्ता के भूखे हैं और वे सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।' भाजपा सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी ने यहां कहा, 'मैं इसे दानवी खेल कहूंगा। देव भूमि की यह दलाली तत्काल बंद होनी चाहिए। '

उधर, नए स्टिंग ऑपरेशन में दिखाई दे रहे द्वाराहाट से पार्टी विधायक मदन बिष्ट ने बागी पार्टी विधायक हरक सिंह रावत और कुछ अन्य के खिलाफ उन्हें धमकाने संबंधी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। यहां के राजपुर के थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सामंत ने बताया कि फिलहाल शिकायत की जांच की जा रही है और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सामंत ने कहा, बिष्ट ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि हरक सिंह रावत तथा कुछ अन्य लोगों ने उन्हें 10 मई को प्रदेश विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण के दौरान रावत के पक्ष में मतदान नहीं करने की धमकी दी है।

उल्‍लेखनीय है कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के नेतृत्व में कांग्रेस के नौ विधायकों ने रावत के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। उसके बाद हरीश रावत सरकार को केंद्र ने संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर 27 अप्रैल को बर्खास्त कर दिया था। सर्वोच्च न्यायालय ने रावत को विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 10 मई की तिथि निर्धारित की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।