नई दिल्ली: बिहार में सत्ताधारी पार्टी जेडीयू की निलंबित एमएलसी मनोरमा देवी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। युवक की हत्या के आरोपी रॉकी की मां मनोरमा देवी को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है। मनोरमा देवी पर घर में शराब रखने और शराब बंदी के कानून को तोड़ने का आरोप है। जेडीयू विधायक के खिलाफ बिहार सरकार ने ये गिरफ्तारी का वांरट जारी किया है।
जेडीयू नेता के बेटे रॉकी यादव को पुलिस ने गया से करीब 25 किमी दूर बोधगया से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। रॉकी सड़क पर झगड़े में 20 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने का आरोपी है। इस घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद रॉकी यादव को मीडिया के सामने पेश किया गया, जहां उसने पत्रकारों से कहा, "मैंने किसी को गोली नहीं मारी... मैं दिल्ली में था, और इसलिए लौटा, क्योंकि मेरी मां ने मुझे बुलाया..."
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रॉकी का पता उसकी मां से उनके गया स्थित घर में की गई लंबी पूछताछ के बाद चला, और उसे गया से 25 किलोमीटर दूर बोधगया के निकट मौजूद एक फैक्टरी से पकड़ा गया।
मनोरमा देवी के निलंबन की कार्रवाई बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के पड़ोसी राज्य झारखंड के धनबाद में शराबबंदी को लेकर एक कार्यक्रम में भाग लेकर पटना लौटने के कुछ देर बाद हुई। मनोरमा देवी गया जिला में राजद नेता और बाहुबली माने जाने वाले बिंदेश्वरी यादव उर्फ बिंदी यादव की पत्नी हैं।