नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जनता दल (सेक्युलर) के नेता एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। कुमारस्वामी कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण लेने जा रहे हैं।
Related Stories
एक सरकारी अधिकारी ने बताया, ‘‘केजरीवाल, एचडी कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने आमंत्रित किया है।’’ कुमारस्वामी, मंत्री पद के आवंटन के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से चर्चा करने के लिए आज राष्ट्रीय राजधानी में हैं।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के कारण बी एस येदियुरप्पा ने विधानसभा में शक्ति परीक्षण से पहले ही शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कुमारस्वामी ने राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात की और कहा कि उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है।
कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा का चुनाव हुआ था जिसका परिणाम त्रिशंकु रहा था। भाजपा 104 सीट जीत कर सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी।