1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अनशन स्थल से प्रशासनिक कामकाज करेंगे केजरीवाल: गोपाल राय

अनशन स्थल से प्रशासनिक कामकाज करेंगे केजरीवाल: गोपाल राय

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 24, 2019 08:38 pm IST,  Updated : Feb 24, 2019 08:38 pm IST

आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने रविवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने अनशन स्थल से ही प्रशासनिक कामकाज करेंगे।

arvind kejriwal- India TV Hindi
arvind kejriwal

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने रविवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने अनशन स्थल से ही प्रशासनिक कामकाज करेंगे। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर एक मार्च से यहां अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी भूख हड़ताल के लिए तीन से चार संभावित स्थलों का मूल्यांकन कर रही है और अगले दो दिनों में स्थान की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भूख हड़ताल के स्थल के तौर पर रामलीला मैदान, मुख्यमंत्री आवास और जंतर मंतर पर विचार किया जा रहा है।

दिल्ली के मंत्री ने कहा कि दिल्ली को 560 जोनों में बांटा गया है और केन्द्रीय, विधानसभा और जोन स्तर पर तीन समितियों का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल स्थल नियंत्रण कक्ष होगा जहां से निर्देश भेजे जाएंगे।

राय ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भूख हड़ताल एक मार्च सुबह 10 बजे से शुरू होगी और सभी दलों के लोकसभा प्रभारी, मंत्री, विधायक और पार्षद मुख्यमंत्री के साथ शामिल होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक से नौ मार्च तक जोनल स्तर पर 560 ‘न्याय यात्राएं’ निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में आरडब्ल्यूए, छात्र, शिक्षक, वकील और पेशेवर भी शामिल होंगे।’’

उन्होंने कहा कि नौ मार्च के बाद भूख हड़ताल स्थल पर आप के सभी विधायक भी केजरीवाल के साथ शामिल होंगे। राय ने भाजपा और कांग्रेस पर पूर्ण राज्य के मुद्दे पर दिल्लीवासियों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने पहले इसकी वकालत की लेकिन अब मुकर गईं। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि आम चुनाव के बाद महागठबंधन केन्द्र में सरकार बनाएगा और दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत