चेन्नई: तमिलनाडु में दोपहर एक बजे तक 42.1 प्रतिशत मतदान हुआ है। मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश लखोनी ने आज यहां बताया, दोपहर एक बजे तक चेन्नई में रिकॉर्ड 38 प्रतिशत मतदान हुआ जो अच्छा है और अभी वहां शाम तक का समय है। वहीं, केरल विधानसभा की 140 सीटों पर हो रहे चुनाव में दोपहर एक बजे तक 43.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि राजनीतिक रूप से संवेदनशील उत्तरी जिले कन्नूर में रिकॉर्ड 47.61 प्रतिशत मतदान हुआ।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई में रोयापुरम और हार्बर विधानसभा सीट पर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गयी है जहां पर मतदान प्रभावित हुआ। एक अधिकारी ने बताया, हार्बर विधानसभा में 10 मिनट तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही। अब यह ठीक है, चुनाव नहीं रूका। पूर्व में लखोनी ने कहा था कि भारी बारिश के कारण कुछ इलाकों में मतदान प्रभावित हुआ और बारिश प्रभावित इलाकों में उचित सिफारिशों पर मतदान के समय को बढ़ाया जाएगा।
रामनाथपुरम, मदुरै, डिनडिगुल, तिरूचिरापल्ली, कुड्डालोर, तंजावुर और नागापट्टिनम जिलों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने के कारण मतदान प्रभावित हुआ है। लखोनी ने बताया कि बारिश के परिणामस्वरूप कुछ इलाकों में बिजली चली गयी और कुछ समस्याएं हुयी लेकिन चुनावी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया था, दोपहर एक बजे से दो बजे के बीच स्थिति पर विचार करने के बाद मतदान का समय बढ़ाये जाने पर निर्णय लिया जाएगा और अगर जरूरत होगी तो चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों से उचित सिफारिशें की जाएगी।
इस बीच, रामनाथपुरम जिले के कामुदी में एक मतदान केन्द्र पर दो समूहों के बीच में संघर्ष हुआ और झगड़े के दौरान एक एक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन टेबुल से नीचे गिर गया।