1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. चिदंबरम के खिलाफ साजिश रची गई, भविष्य में इसका खुलासा होगा: कांग्रेस

चिदंबरम के खिलाफ साजिश रची गई, भविष्य में इसका खुलासा होगा: कांग्रेस

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 04, 2019 06:36 pm IST,  Updated : Dec 04, 2019 06:36 pm IST

पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि चिदंबरम के खिलाफ ‘‘साजिश’’ रची गई जिसका खुलासा भविष्य में होगा।

P Chidambaram- India TV Hindi
P Chidambaram

नई दिल्ली: पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले में उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि चिदंबरम के खिलाफ ‘‘साजिश’’ रची गई जिसका खुलासा भविष्य में होगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने यह दावा भी किया कि चिदंबरम को गिरफ्तार करने के लिए सीबीआई के लोगों ने उनके घर में जाने के लिए ऐसे छलांग लगाई कि जैसे वह ‘ओसामा बिन लादेन के रिश्तेदार का घर’ हो।

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘चिदंबरम हमारी पार्टी के लिए मूल्यवान व्यक्ति हैं। उनके खिलाफ साजिश रची गई थी। आज नहीं तो कल इसका ख्रुलासा होगा कि कैसे साजिश रची गई थी।’’ चौधरी ने दावा किया, ‘‘चिदंबरम इस सरकार की आलोचना करते थे। यही बात इस सरकार को पसंद नहीं थी। उनका मुंह बंद करने के लिए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘उनके घर में (सीबीआई के लोग) ऐसे छलांग लगकर गए जैसे वह पूर्व गृह मंत्री का नहीं, बल्कि ओसामा बिन लादेन के रिश्तेदार का घर हो। उनके साथ जो व्यवहार किया गया वो अशोभनीय है।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘वह हमारे देश के पूर्व गृह मंत्री और पूर्व वित्त मंत्री हैं, क्या वह भागने वाले थे?’’ चौधरी ने यह भी कहा, ‘‘राजनीति में कोई पद स्थायी नहीं होता है। आज कोई प्रधानमंत्री है, कल नहीं होगा। आज कोई गृह मंत्री है, कल नहीं होगा।’’

गौरतलब है कि न्यायमूर्ति सर्वोच्च न्यायालय की आर. भानुमति की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने बुधवार को 74 वर्षीय पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री को जमानत दी। सीबीआई ने 21 अगस्त को आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था। प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन मामले में 16 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत