नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वाराणसी में रैली से पहले वहां एक पोस्टर जारी किया गया जो चर्चा का विषय बन गया है। पोस्टर में नीतीश कुमार को अर्जुन के रूप में और शरद यादव को कृष्ण के रूप में चित्रित किया गया है। इस पोस्टर में महाभारत युद्ध का चित्रण किया गया है, जिसमें शरद यादव कृष्ण के रूप में नीतीश कुमार के रथ के सारथी बने हुए हैं।
इस पोस्टर में नीतीश, शरद के अलावा पार्टी नेता केसी त्यागी, आरसीपी सिंह जैसे नेताओं को भी चित्रित किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार पर तीखी टिप्पणी इस पोस्टर में की गई है। केंद्र सरकार पर सांप्रदायिकता फैलाने और यूपी सरकार पर गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। पोस्टर में निवेदक दिल्ली जनता दल छपा है।
दरअसल वाराणसी में गुरुवार से जेडीयू का राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन शुरू होने जा रहा है जिसमें प्रदेशभर से करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है। वाराणसी से नीतीश कुमार, 2017 में होने वाले उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल फूकेंगें।
नीतीश कुमार आज बिहार के छपरा जिले के सर्किट हाउस से सुबह लगभग सवा नौ बजे सड़क मार्ग से प्रस्थान कर अपराह्न दो बजे वाराणसी अतिथि गृह पहुंगे। यहां से लगभग सवा दो बजे पिंडरा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज के लिए रवाना होंगे, जहां अपराह्न पौने तीन बजे पहुंचेंगे। कुमार यहां पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
कुमार वाराणसी सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे तथा अगले दिन 13 मई को दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की पूजा अर्चना करेंगे। दिनभर सर्किट हाउस रहेंगे, जहां अनेक गणमान्य लोगों से वह मुलाकात कर सकते हैं।
शाम लगभ पौने सात बजे विश्व प्रसिद्ध संकट मोचन हनुमान मंदिर जाकर पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद यहां से सड़क मार्ग से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई और रात लगभग आठ बजे विमान से पटना के लिए रवाना हो जाएंगे।