1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा ने उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने का दावा किया

भाजपा ने उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने का दावा किया

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 02, 2016 08:28 pm IST,  Updated : May 02, 2016 08:28 pm IST

बसपा प्रमुख मायावती पर प्रहार करते हुए भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया कि उनकी पार्टी और समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ा भ्रष्टाचार और अपराध उत्तरप्रदेश के विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं।

BJP- India TV Hindi
BJP

नई दिल्ली: बसपा प्रमुख मायावती पर प्रहार करते हुए भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया कि उनकी पार्टी और समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ा भ्रष्टाचार और अपराध उत्तरप्रदेश के विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं। भगवा पार्टी ने दावा किया कि 2017 के विधानसभा चुनावों में लोग उन्हें उखाड़ फेंकेंगे और राज्य की सत्ता भाजपा को सौंपेंगे।

बसपा प्रमुख ने राज्य में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम की आलोचना की थी और प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए थे कि वह लोगों को गुमराह कर रहे हैं और उनके लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। उनकी आलोचना के बाद भाजपा ने यह पलटवार किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, केवल भाजपा ही उत्तरप्रदेश को भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त करने में सक्षम है। बसपा, सपा और कांग्रेस ने लंबे समय से राज्य पर कब्जा जमा रखा है। बसपा और सपा ने केंद्र में कांग्रेस के भ्रष्टाचार का समर्थन किया और इसने राज्य में उनके भ्रष्टाचार को समर्थन दिया।

उन्होंने कहा, मोदी गरीबों और किसानों के लिए काम कर रहे हैं और लोग राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए वोट देंगे। वे दोनों क्षेत्रीय दलों से गुमराह नहीं होंगे। सामाजिक सुरक्षा, फसल बीमा, मुद्रा बैंक योजना के अलावा सरकार की तरफ से गांवों को 80 लाख रुपए का आवंटन और छोटे शहरों को 21 करोड़ रुपए आवंटन का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि यह पार्टी के गरीब समर्थक होने का सबूत है और मायावती की आलोचना से जनता हमसे दूर नहीं होगी।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित सभी राज्य विकास के मानकों और व्यवसाय के लिए अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में अच्छा काम कर रहे हैं और अगले विधानसभा चुनाव के बाद इसमें उत्तरप्रदेश भी शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बसपा, सपा और कांग्रेस को लोग सबक सिखाएंगे।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।