1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा नेता ने मंदसौर हिंसा में मरने वालों के लिए मुआवजे पर सवाल उठाए

भाजपा नेता ने मंदसौर हिंसा में मरने वालों के लिए मुआवजे पर सवाल उठाए

 Written By: IANS
 Published : Jun 30, 2017 02:00 pm IST,  Updated : Jun 30, 2017 02:00 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने मंदसौर में किसान आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में जान गंवाने वालों के लिए घोषित मुआवजे पर सवाल उठाए हैं।

mandsaur violence- India TV Hindi
mandsaur violence

भोपाल: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने मंदसौर में किसान आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में जान गंवाने वालों के लिए घोषित मुआवजे पर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में उनका बयान यहां एक समाचार-पत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट के बाद आया है कि हिंसा में अफीम तस्करों का हाथ था। शर्मा ने सवाल किया है कि जब हिंसा में अफीम तस्करों का हाथ था तो मृतकों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा आखिर क्यों दिया जाए? मुख्यमंत्री चौहान के हवाले से यह रिपोर्ट शुक्रवार को यहां एक समाचार-पत्र में प्रकाशित हुई, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में किसान आंदोलन का असर नहीं है, वहीं मंदसौर में आंदोलन इसलिए हिंसक हुआ, क्योंकि इसके पीछे अफीम तस्करों का हाथ था। यहां अफीम तस्करों पर कार्रवाई हुई थी, जिस वजह से उन्होंने आंदोलन को हिंसक बनाया।

इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा ने सवाल किया कि अगर आंदोलन को अफीम तस्करों ने हिंसक बनाया तो पुलिस गोलीबारी में मारे गए लोगों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा क्यों दिया जाए?

शर्मा ने आगे कहा कि हिंसक आंदोलन के दौरान वाहनों, पुलिस वाहनों, दुकानों में आग लगाई गई। पुलिस चौकी व थाने तक फूंके गए, अधिकारियों से दुर्व्यवहार हुआ। शुरुआत से जिलाधिकारी से लेकर गृह मंत्री तक ने आंदोलन में असामाजिक तत्वों का हाथ होने की बात कही थी। उसके बावजूद मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। इससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने का फैसला हड़बड़ी में लिया, इसलिए वह मुख्यमंत्री से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करेंगे। 

उल्लेखनीय है कि राज्य में एक से 10 जून तक किसान आंदोलन हुआ था। इस दौरान मंदसौर में पुलिस की गोलीबारी में पांच और पिटाई से एक किसान की मौत हुई थी। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक व्यक्ति को योग्यता के अनुसार नौकरी देने का ऐलान किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत