नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। मीडिया सूत्रों की माने तो केजरीवाल जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। दरअसल वो ऐसा पंजाब चुनाव के मद्देनजर कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब चुनाव पर फोकस करना चाहते हैं, इसलिए वो चाहते हैं कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी किसी और को सौंप दी जाए ताकि वो पंजाब में अपनी पार्टी को एक खास स्थान दिला पाएं। गौरतलब है कि पंजाब में साल 2017 को विधानसभा चुनाव होने हैं।
एक निजी अखबार में छपी खबर के मुताबिक आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पंजाब चुनाव पर पूरा फोकस करना चाहते हैं। अरविंद चाहते हैं कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करे, इसलिए वो मुख्यमंत्री पद छोड़ने का भी मन बना चुके हैं। जानकारी के मुताबिक अगर अरविंद मुख्यमंत्री का पद छोड़ते हैं तो उनकी जगह मनीष सिसौदिया कमान संभालेंगे। साल 2017 के शुरुआती महीनों में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अरविंद केजरीवाल का मानना है कि अगर राज्य में पार्टी ने उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा तो उन्हें राज्य की सत्ता मिल सकती है।
केजरीवाल के पास फिलहाल सिर्फ मुख्यमंत्री का पद-
अरविंद केजरीवाल देश के एकलौते ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनके पास कोई अतिरिक्त मंत्रालय नहीं है। राज्य से जुड़े सभी अहम मंत्रालय मसलन वित्त, शिक्षा, योजना और शहरी विकास जैसे विभाग उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास हैं।