बेंगलुरु: कर्नाटक के भाजपा प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने जावरी चिकन खाने के बाद नरसिम्हा स्वामी मंदिर में भगवान के दर्शन किए। राहुल गांधी चुनाव पूर्व इस राज्य के दौरे पर हैं।
Related Stories
कर्नाटक के 4 दिनों के अपने चुनावी दौरे के दूसरे दिन 11 फरवरी को राहुल गांधी कोप्पल जिले के कनकागिरी में बने कनकचला नरसिम्हा स्वामी मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। राहुल दोपहर का खाना खाने के बाद मंदिर गए थे।
येदियुरप्पा ने कन्नड में ट्वीट करते हुए कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया हैं, जो मछली खाने के बाद धर्मस्थल मंजुनाथ के दर्शन करते हैं और दूसरी तरफ राहुल गांधी जावरी मुर्गा खाने के बाद नरसिम्हा स्वामी के दर्शन किए।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूद विधान परिषद सदस्य रिज़वान अरशद ने बताया, ‘दोपहर के भोजन के बाद राहुल गांधी का कार्यक्रम नरसिम्हा स्वामी मन्दिर जाने का था इसीलिए दोपहर के खाने का इंतजाम करने वाले कांग्रेस के स्थानीय विधायक शिवराज तन्गरगी ने शाकाहारी भोजन की खासतौर पर व्यवस्था की थी। मैन्यू कि जांच कर आप पता कर सकते हैं।’
गौरतलब है कि राहुल गांधी शनिवार को अपने 4 दिनों के दौरे पर कर्नाटक पहुंचे थे। राहुल ने अपने दौरे पर राज्य के कई मंदिरों के दर्शन भी किए।