नई दिल्ली: 8 राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना आज सुबह आठ बजे से जारी है। इन सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। इनमें दिल्ली की राजौरी गार्डन, कर्नाटक की नंजनगढ़ और गुंडलूपेट सीट, असम की धेमाजी, हिमाचल प्रदेश की भोरंज, मध्य प्रदेश में बांधवगढ़ और अटेर सीट, पश्चिम बंगाल की कांठी, राजस्थान की धौलपुर और झारखंड में लिट्टीपाड़ा विधानसभा सीट शामिल है। अभी तक के नतीजों के मुताबिक पांच सीटों पर बीजेपी जीत चुकी है। एमपी की एक सीट पर अभी मतगणना चल रही है। दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट पर बीजेपी-अकाली के उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस के उम्मीदवार को हराया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की ज़मानत ज़ब्त हो गई है। हिमाचल ,राजस्थान, एमपी, और असम में भी बीजेपी को जीत मिली है। कांग्रेस ने कर्नाटक की दोनों सीटें जीत ली हैं।
(व्हिस्की टाइम पर मिलिए, भारत-पाक के सभी मसले सुलझ जाएंगे: राम जेठमलानी)
लाइव अपडेट्स...
- हिमाचल प्रदेश: भोरंज विधानसभा सीट उप चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी अनिल धीमन ने 8433 वोट से जीत हासिल की।
- दिल्लीः राजौरी गार्डन में बीजेपी उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा जीते।
- तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रिमा भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल के कांति दक्षिण विधानसभा उपचुनाव जीत गई हैं।
- बीजेपी ने असम उपचुनाव जीता, कांग्रेस को 9 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।
- मध्य प्रदेश उपचुनावः बांधवगढ़ से बीजेपी के शिवनारायण सिंह जीते।
- झारखंड की लिट्टीपाड़ा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार आगे।
- कांग्रेस प्रत्याशी कलाले एन केशवमूर्ति ने नंजांगुद में भाजपा के पूर्व मंत्री वी श्रीनिवास प्रसाद के खिलाफ जीत दर्ज की।
दिल्ली के राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आ चुका है। इस विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। आम आदमी पार्टी के सामने इस सीट को बचाने की चुनौती थी। इसके अलावा माना जा रहा है कि यह परिणाम आने वाले दिनों में होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव में मतदाताओं की मंशा का कुछ हद तक अहसास कराने वाला होगा। इस चुनाव परिणाम पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के अटेर में 60 फीसदी और उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधानसभा सीट पर 65 फीसदी मतदान हुआ था। इन दोनों सीटों पर उपचुनाव क दौरान ईवीएम के साथ वीवीपीवीटी का भी उपयोग हुआ था।
राजस्थान की धौलपुर विधानसभा सीट पर 80 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस सीट पर भी पहली बार वीवीपीएटी मशीनों का भी इस्तेमाल हुआ था। वहीं झारखंड की लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में 68 फीसदी मतदान हुआ था।
असम की धेमाजी विधानसभा सीट के उपचुनाव में 66.97 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस सीट में उपचुनाव में वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रायल (वीवीपीएटी) मशीनों का इस्तेमाल किया गया था। हिमाचल प्रदेश की भोरंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 63 फीसदी मतदान हुआ।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में कंठी दक्षिण विधानसभा सीट पर 79.7 फीसदी मतदान हुआ। इस सीट पर तृणमूल विधायक दिब्येंदु अधिकारी के तमलुक सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हो जाने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया। कर्नाटक विधानसभा की दो सीटों- नंजनगुड (मैसूरु) और गुंडलपेट (चामराजनगर) सीट पर 67 फीसदी मतदान हुआ था।
वहीं श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र के 38 मतदान केंद्रों पर आज फिर से वोटिंग कराई जा रही है। हिंसक झड़प के बीच यहां वोटिंग प्रतिशत काफी रहा था, जिसके बाद चुनाव आयोग ने इन मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का फैसला लिया था।
ये भी पढ़ें
‘बेगम जान’ की जमीन की कहानी जहां टके में बिकती है बच्चियां...