नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार के घर और दफ्तर में छापे की आग अभी थमी है। एक बार फिर केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर संगीन आरोप मढ़ा है। उन्होंने अपने ट्वीट में केंद्र सरकार पर यह आरोप लगाया है कि सीबीआई को विपक्षी पार्टियों को खत्म करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने अपने विवादित ट्वीट में केंद्र की सत्तारुढ़ मोदी सरकार पर यह आरोप लगाया है कि सीबीआई के एक अफसर ने मुझे यह बात कल बताई थी। सीबीआई अफसरों को सभी विपक्षी दलों को निशाना बनाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई को यह कहा गया है कि जो निर्देश नहीं माने उन्हें 'खत्म' कर दो। उन्होंने ट्वीट किया है कि केंद्र सरकार उन सभी विरोधियों के खिलाफ सीबीआई का इस्तेमाल करने जा रही है जो बीजेपी की बात नहीं मानते।
यही नहीं अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार और सीबीआई पर आरोप लगाते हुए कहा कि सभी मिलकर उन्हें परेशान करना चाहते हैं ओर डराना चाहते हैं।
आपको बता दें कि भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले के संबंध में 15 दिसंबर को केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के दफ्तर पर छापा मारा गया था, जिसके बाद आम आदमी पार्टी और केंद्र के बीच ताजा टकराव पैदा हुआ। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुए राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में 'आप' प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने दावा किया कि उनके दफ्तर पर छापा मारा गया जबकि सीबीआइ ने इस दावे को गलत बताया।