विजयवाड़ा: तेलुगु फिल्म स्टार और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने यह कहते हुए केंद्र पर प्रहार किया कि उसने आंध्रप्रदेश को विशेष दर्जा देने से इनकार कर राज्य के लेागों के पेट में चाकू घोंप दिया है।
कल्याण ने काकीनाड़ा में आंध्रुला आत्मा गौरव सभा :आंध्र का आत्मसम्मान: रैली को संबोधित करते हुए कहा, कांग्रेस ने :राज्य का विभाजन कर: पीठ में छूरा घोंपा था और जब हमने इंसाफ मांगा तो भाजपा ने पेट में चाकू घोंप दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दोनों राष्ट्रीय पार्टियों ने दोनों राज्यों :आंध्रप्रदेश और तेलंगाना: में अस्थिरता पैदा की।
उन्होंने मांग की कि दोनों दल माफी मांगे। उन्होंने कहा, आप ने तो आंध्रप्रदेश के साथ और न ही तेलंगाना के साथ इंसाफ किया। आपने आंध्रप्रदेश को विशेष दर्जे से इनकार किया और तेलंगाना को उच्च न्यायालय भी नहीं दे सके।
कल्याण ने कहा कि आंध्रप्रदेश के लोग राज्य के वास्ते विशेष श्रेणी की मांग करते आ रहे थे लेकिन उन्हें दो साल तक आस में रखने के बाद प्रधानमंत्री ने अंतत: उनके हाथों मंे दो बासी लड्डू थमा दिए।