नई दिल्ली: तीन मूर्ति भवन से प्रधानमंत्री के सरकारी आवास तक दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आज प्रदर्शन किया और मार्च निकालने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर नेशनल हेराल्ड मामले में बदले की राजनीति करने के आरोप लगाए ताकि पार्टी और इसके शीर्ष नेताओं की छवि को दागदार किया जा सके।
दिल्ली कांग्रेस और पार्टी की युवा और महिला शाखा के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के सरकारी आवास सात रेसकोर्स रोड की तरफ मार्च करने का प्रयास किया। उन्होंने अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाए और भाजपा की आलोचना की। लेकिन वहां बड़ी संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने भाजपा नीत राजग सरकार पर पार्टी को डराने के लिए बदले की राजनीति करने के आरोप लगाए। माकन ने कहा, ‘बदले की राजनीति के तहत कांग्रेसी नेताओं को निशाना बनाने के रास्ते का सरकार अनुसरण कर रही है। पहले पी. चिदंबरम और वीरभद्र सिंह पर हमले किए गए और अब वे हमारे शीर्ष नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।’
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा, ‘हम भाजपा को राजनीतिक बदले की कार्रवाई नहीं करने देंगे। आप पूरे देश में इस तरह के सिलसिलेवार प्रदर्शन देखेंगे क्योंकि लोग कांग्रेस के साथ खड़े होंगे। लोग जानते हैं कि भाजपा जो भी कर रही है वह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है।’