1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महंगाई पर दिल्ली में कांग्रेस करेगी बड़ी रैली, सोनिया गांधी भी करेंगी संबोधित

महंगाई पर दिल्ली में कांग्रेस करेगी बड़ी रैली, सोनिया गांधी भी करेंगी संबोधित

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 26, 2021 03:55 pm IST,  Updated : Nov 26, 2021 03:55 pm IST

कांग्रेस की रणनीतिक समूह की इस बैठक में यह भी तय हुआ कि तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने संबंधी विधेयक पर चर्चा में भाग लिया जाएगा।

Congress, Congress Mahangai Hatao, Mahangai Hatao Rally, Mahangai Hatao Sonia- India TV Hindi
कांग्रेस की ‘महंगाई हटाओ’ रैली को सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी संबोधित करेंगे। Image Source : PTI FILE

Highlights

  • आगामी 12 दिसंबर को कांग्रेस देश की राजधानी में 'महंगाई हटाओ' रैली करने वाली है।
  • पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी 'महंगाई हटाओ' रैली में लोगों को संबोधित करेंगी।
  • आने वाले दिनों में कांग्रेस सरकार को महंगाई समेत कई मुद्दों पर आक्रामक तरीके से घेरने वाली है।

नई दिल्ली: कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने का प्लान बनाया है। यही वजह है कि आगामी 12 दिसंबर को पार्टी देश की राजधानी में 'महंगाई हटाओ' रैली करने वाली है। इस रैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी और लोगों को संबोधित करेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी भी रैली को संबोधित करेंगे। बता दें कि कांग्रेस ने सरकार को चीन की आक्रामकता और महंगाई समेत कई मुद्दों पर घेरने की योजना बनाई है।

गुरुवार को हुई थी रणनीतिक समूह की बैठक

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस के संसदीय मामलों से संबंधित रणनीतिक समूह की बैठक में यह फैसला किया गया था कि संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार को किसान संगठनों की मांग, महंगाई, पैगसस जासूसी प्रकरण समेत तमाम मुद्दों पर घेरा जाएगा। सूत्रों ने बताया था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई में हुई इस बैठक में इस बात पर जोर दिया कि तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने संबंधी विधेयक सत्र के पहले ही दिन लाया जाए। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाल ही में इस विधेयक को मंजूरी दी है।


बैठक में शामिल हुए थे कांग्रेस के कद्दावर नेता
कांग्रेस की रणनीतिक समूह की इस बैठक में यह भी तय हुआ कि तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने संबंधी विधेयक पर चर्चा में भाग लिया जाएगा और इसका समर्थन किया जाएगा। बैठक में शामिल एक नेता ने कहा, ‘कांग्रेस इस पर भी जोर देगी कि सरकार किसान संगठनों की मांगों को स्वीकार करे।’ बैठक में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सदन में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा एवं मुख्य सचेतक जयराम रमेश, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, मुख्य सचेतक के. सुरेश और कुछ अन्य नेता शामिल हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत