अहमदाबाद: गुजरात कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए बनाए गए भव्य टेंट पर 31 लाख रूपए खर्च किए हैं। कच्छ के रण में धोरडो में इस टेंट का निर्माण देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ चल रहे सम्मेलन के दौरान नरेंद्र मोदी के ठहरने के लिए किया गया है।
खुफिया ब्यूरो द्वारा आयोजित पुलिस महानिदेशकों, पुलिस महानिरीक्षकों के इस तीन दिवसीय वार्षिर्क सम्मेलन का आरंभ आज मोदी और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भरतसिंह सोलांकी ने यहां आरोप लगाते हुए कहा प्रधानमंत्री खुद को प्रधान सेवक बताते हैं लेकिन अनुचित खर्च कर उनके लिए इस टेंट का निर्माण किया गया है।
एक अन्य बयान में कांग्रेस नेता जयसिंह परमार ने दावा किया था कि मोदी के लिए बनाए गए इस टेंट के निर्माण में 31 लाख रूपए खर्च किए गए हैं।