नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर आज कांग्रेस की लोकतंत्र बचाओ रैली के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समेत सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे। अगस्ता डील समेत उत्तराखंड, अरुणाचल जैसे मुद्दे पर प्रदर्शन हो रहा है। केंद्र की भाजपा नीत गठबंधन सरकार और विपक्ष के बीच अगस्ता वेस्टलैंड मामले समेत विभिन्न मामलों को लेकर हो रहे जबरदस्त टकराव के बीच जंतर-मंतर पर यह रैली आयोजित की गई है ।
मार्च के मद्देनजर पार्टी ने कई इंदिरा गांधी पंडित नेहरु जैसे नेताओं के कटआउट रास्ते में लगाए हैं। मार्च की खास बात यह है कि यहां जो पोस्टर लगाए गए हैं उसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ रॉबर्ट वाड्रा भी दिखाइ दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा कांग्रेस शासित राज्यों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। इतना ही नहीं सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय भी कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं। कांग्रेस नेता कमल नाथ ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है और भाजपा इस मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा सांसद आज संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर, लोकसभा में भी अगस्ता घोटाला मामले पर हंगामे के आसार हैं क्योंकि आज लोकसभा में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर एक बार फिर अगस्ता वेस्टलैंड सौदे में कथित घोटाले पर बयान देंगे। पर्रिकर के बयान के पहले इस मामले पर भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, किरीट सोमैया, निशीकांत ठाकुर, कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और टीएमसी के सौगत रॉय के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर बहस होनी है।