1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दलित छात्र आत्महत्या: विरोध प्रदर्शन तेज, राहुल ने किया परिसर का दौरा

दलित छात्र आत्महत्या: विरोध प्रदर्शन तेज, राहुल ने किया परिसर का दौरा

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 19, 2016 02:54 pm IST,  Updated : Jan 19, 2016 02:54 pm IST

कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज हैदराबाद विश्वविद्यालय का दौरा किया और इस मुद्दे पर छात्रों से बातचीत की।

rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

हैदराबाद: हैदराबाद विश्वविद्यालय में दलित शोधार्थी रोहित वेमुला की कथित आत्महत्या के बाद हो रहे विरोध प्रदर्शनों में आज तेजी आ गई है, वहीं इस पूरे प्रकरण को लेकर जिनलोगों पर आरोप लग रहे हैं उनमें से एक केंद्रीय मंत्री बंडारू दत्तात्रेय के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए एक स्थानीय संगठन ने उनके आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज हैदराबाद विश्वविद्यालय का दौरा किया और इस मुद्दे पर छात्रों से बातचीत की। वहीं राज्य से बाहर के कई परिसरों में छात्र हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्रों के समर्थन में अपनी कक्षाओं से बाहर आ गए।

टीआरएस की सांसद के. कविता की अध्यक्षता वाले सांस्कृतिक संगठन तेंलंगाना जागृति यूथ फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने राम नगर में दत्तात्रेय के आवास के बाहर नारेबाजी की। इन लोगों ने पीएचडी शोधार्थी रोहित वेमुला की मौत के लिए दत्तात्रेय को दोषी ठहराया। रोहित का शव रविवार को हॉस्टल के कमरे में लटका हुआ मिला था और इसके बाद से रोष भड़क उठा था। तख्तियां हाथ में लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की। पुलिस उपायुक्त :सेंट्रल जोन: वी बी कमलासन रेड्डी ने कहा, केंद्रीय मंत्री के घर के पास धरना करने वाले 37 प्रदर्शनकारियों को ऐहतिहात के तौर पर हिरासत में ले लिया गया है। बाद में उन्हें जाने दिया गया।

विश्वविद्यालय परिसर में, अपना विरोध प्रदर्शन तेज कर देने वाले छात्रों ने मांग उठाई कि रोहित को आत्महत्या के लिए उकसाने के लिए नामजद दत्तात्रेय, भाजपा पार्षद रामचंद्र राव, विश्वविद्यालय के कुलपति पी अप्पा राव और एबीवीपी के दो नेताओं को जेल में डाला जाए। छात्रों ने हमें इंसाफ चाहिए जैसे नारे लगाते हुए दत्तात्रेय और अन्य लोगों को रोहित की मौत का जिम्मेदार ठहराया और परिसर में रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने कुलपति के इस्तीफे, विश्वविद्यालय से निलंबित चार छात्रों का निलंबन तत्काल निरस्त करने, रोहित के परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने और 50 लाख रूपए की अनुग्रह राशि दिए जाने समेत कई मांगें रखीं। रोहित उन पांच शोधार्थियों में शामिल था, जिन्हें पिछले साल अगस्त में विश्वविद्यालय ने निलंबित कर दिया था। वह एक छात्र नेता पर हमले के मामले में आरोपी था।

तृणमूल कांग्रेस का दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कथित आत्महत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पार्टी के सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता डेरेक ओ ब्राइन के नेतृत्व में आज शाम हैदराबाद जा रहा है। इससे पहले, विश्वविद्यालय परिसर में संवाददाताओं से बात करते हुए कांग्रेस के सांसद वी हनुमंत राव ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के कुलपति अप्पा राव छात्र की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार हैं। राव ने कुलपति के निलंबन की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन छात्रों को पहले निलंबित किया गया था, उनका सामाजिक बहिष्कार किया गया। इन छात्रों में कथित तौर पर आत्महत्या कर लेने वाला दलित शोधार्थी भी शामिल था। इसी बीच, छात्रों के एक समूह ने मृतक छात्र रोहित का एक स्मारक परिसर में स्थापित करने की कोशिश की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।