1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. स्वामी के निशाने पर जेटली, न कि अरविंद सुब्रमण्यम: दिग्विजय

स्वामी के निशाने पर जेटली, न कि अरविंद सुब्रमण्यम: दिग्विजय

 Written By: IANS
 Published : Jun 22, 2016 03:21 pm IST,  Updated : Jun 22, 2016 03:21 pm IST

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि असली निशाना केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली हैं, न कि अरविंद सुब्रमण्यम।

Digvijay Singh- India TV Hindi
Digvijay Singh

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम को निशाना बनाए जाने के बाद बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि असली निशाना केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली हैं, न कि अरविंद सुब्रमण्यम। दिग्विजय ने ट्वीट कर कहा, "सुब्रमण्यम स्वामी ने अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन पर निशाना साधा है, लेकिन उनका असली लक्ष्य केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली हैं।"

कांग्रेस महासचिव ने सवालिया लहजे में लिखा, "क्या मोदी वित्त मंत्रालय का प्रभार सुब्रमण्यम स्वामी को सौंपने जा रहे हैं?"

कांग्रेस नेता का यह ट्वीट भाजपा नेता की ओर से अरविंद सुब्रमण्यम पर कांग्रेस के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कई ट्वीट किए जाने के बाद आया है, जिनमें उन्होंने देश के मौजूदा आर्थिक मुख्य सलाहकार को पद से हटाने की मांग की है।

कांग्रेस नेता ने कहा, "वह (सुब्रमणियम स्वामी) दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि यदि वह नेहरू गांधी परिवार को निशाना बनाते हैं तो उन्हें प्रतिदान मिलेगा।"

उन्होंने कहा, "क्या हम एक बार फिर इन महाशक्तियों के आर्थिक उपनिवेश बन गए हैं, जिनसे देश को मुक्त कराने में कांग्रेस ने वर्षो संघर्ष किया।"

कांग्रेस के नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'दो तरह की भाषा' बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मोदी को दो तरह की भाषा बोलने में महारत हासिल है। ऐसा लगता है कि उन्होंने आर्थिक शक्तियों को बंधनमुक्त भारतीय अर्थव्यवस्था को उन्हें सौंप देने का आश्वासन दिया है।"

उन्होंने कहा, "संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने जब भी आर्थिक सुधार किया, मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उसकी कड़ी आलोचना की। मोदी सरकार अब इससे पूरी तरह पलट गई है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत