1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. PHOTOS: रामलीला मैदान में पकाई गई 5000 किलोग्राम खिचड़ी, 3 लाख एससी परिवारों से मंगाया दाल-चावल, विश्व रिकॉर्ड पर नजर

PHOTOS: रामलीला मैदान में पकाई गई 5000 किलोग्राम खिचड़ी, 3 लाख एससी परिवारों से मंगाया दाल-चावल, विश्व रिकॉर्ड पर नजर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 06, 2019 08:37 pm IST,  Updated : Jan 06, 2019 08:39 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में वृहद खिचड़ी उत्सव का आयोजन किया गया जिसमें 5,000 किलोग्राम खिचड़ी पकाई गई और इसे ‘‘भीम महासंगम’’ में आए लोगों को बांटा गया।

khichdi- India TV Hindi
Union Minister Harsh Vardhan and other leaders prepare 'Khichdi' during 'Bhim Mahasamagam' event at Ramlila Maidan, in New Delhi

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में वृहद खिचड़ी उत्सव का आयोजन किया गया जिसमें 5,000 किलोग्राम खिचड़ी पकायी गयी और इसे ‘‘भीम महासंगम’’ में आए लोगों को बांटा गया। भाजपा की दिल्ली इकाई ने इस महासंगम का आयोजन किया था जिसमें पिछड़े वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया।

भाजपा सांसद उदित राज इस कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे लेकिन पार्टी के नेताओं ने कहा कि उनकी अनुपस्थिति को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि करीब 5,000 किलोग्राम खिचड़ी तैयार की गयी और इस मौके पर वितरित किया गया। खिचड़ी पकाने वालों में शामिल एक रसोइए ने बताया कि खिचड़ी तैयार करने में 400 किलो चावल, 100 किलो मसूर की दाल, 350 किलो सब्जियां, 100 किलो देशी घी, 100 लीटर तेल, 2,500 लीटर पानी और 250 किलो मसाले का उपयोग किया गया।

Khichdi
Khichdi

पार्टी नेताओं के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में करीब तीन लाख एससी परिवारों से एकत्र किए गए चावल और मसूर की दाल से एक विशाल बर्तन में 5000 किलो ‘‘समरसता खिचड़ी’’ पकाई गई। यह कवायद विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए की गई।

नागपुर के शेफ विष्णु मनोहर ने इससे पहले एक पात्र में 3,000 किलो खिचड़ी पकाने का विश्व रिकॉर्ड नागपुर में बनाया था। उस वक्त भी खिचड़ी को एक एकल पात्र में तैयार किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि खिचड़ी को भारत का राष्ट्रीय भोजन घोषित किया जाए। प्रत्येक देश का अपना पकवान होता है। चीन का सुशी और इटली का पिज्जा है लेकिन भारत का कोई पकवान नहीं है।’’

Khichdi
Khichdi

उन्होंने बताया, ‘‘मैं दिल्ली आया हूं ताकि यहां केंद्र सरकार तक मेरी बात पहुंचे। देश के 80 फीसदी घरों में शाम का खाना खिचड़ी होता है। रईस लोग भी इसे खाते हैं क्योंकि वह तैलीय चीज नहीं खाना चाहते। वहीं गरीब लोग भी इसे खाते हैं।’’

दिल्ली भाजपा की अनुसूचित जाति मोर्चे के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने बताया कि रामलीला मैदान में एकत्र हुए तकरीबन 25,000 लोगों को खिचड़ी वितरित की गई। उन्होंने बताया, ‘‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि यहां मौजूद थे और 5,000 किलोग्राम खिचड़ी पकाई गई जिसे 25,000 लोगों ने खाया।’’

रामलीला मैदान जय भीम, जय हिंद और भारत माता की जय के नारों से गूंज रहा था। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बताया कि इस आयोजन ने राजनीतिक दलों को विभाजनकारी राजनीति लिप्त नहीं होने का संदेश दिया बल्कि एकता का प्रचार किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत