1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. गुजरात चुनाव: प्रधानमंत्री मोदी ने कतार में खड़े होकर अहमदाबाद में किया मतदान

गुजरात चुनाव: प्रधानमंत्री मोदी ने कतार में खड़े होकर अहमदाबाद में किया मतदान

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 14, 2017 02:55 pm IST,  Updated : Dec 14, 2017 02:55 pm IST

मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री मतदान केंद्र के बाहर कुछ दूर तक पैदल चले और सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने अपनी कार में पायदान पर खड़े होकर भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

modi-standing- India TV Hindi
modi-standing

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अहमदाबाद जिले की साबरमती सीट पर एक स्कूल में बनाये गए मतदान केंद्र पर मतदान किया। प्रधानमंत्री अपना मत डालने के लिये मतदान केंद्र पर कतार में खड़े रहे और अपनी बारी का इंतजार किया। निशान उच्च विद्यालय में अपना वोट डालने के बाद प्रधानमंत्री ने सैकड़ों की संख्या में मौजूद समर्थकों को इंक लगी अपनी अंगुली दिखाई। वहां उपस्थित लोग ‘‘मोदी, मोदी’’ के नारे लगा रहे थे।

मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री मतदान केंद्र के बाहर कुछ दूर तक पैदल चले और सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने अपनी कार में पायदान पर खड़े होकर भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इससे पहले आज सुबह प्रधानमंत्री ने मुम्बई में स्कॉर्पीन क्लास पनडुब्बी की श्रृंखला में पहली पनडुब्बी आईएनएस कलवरी का जलावतरण किया और उसके बाद अहमदाबाद के लिये रवाना हुए।

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिये आज 93 सीटों पर मतदान हो रहा है जिसमें मध्य गुजरात की 61 सीटें और उत्तरी गुजरात की 32 सीटें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात के लोगों से विधानसभा चुनाव के लिये रिकार्ड संख्या में मतदान करने की अपील की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत