1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. आज दिखेगी गुजरात चुनाव की सबसे दिलचस्प तस्वीर, मोरबी में पीएम मोदी के सामने हार्दिक की ताल

आज दिखेगी गुजरात चुनाव की सबसे दिलचस्प तस्वीर, मोरबी में पीएम मोदी के सामने हार्दिक की ताल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 29, 2017 07:23 am IST,  Updated : Nov 29, 2017 07:23 am IST

पीएम मोदी का ये कार्यक्रम पहले से तय है जबकि हार्दिक पटेल ने आखिरी मौके पर रैली का एलान करके गुरिल्ला वॉर की रणनीति अपनाई है। हार्दिक पटेल की रैली का ऐलान मंगलवार शाम को हुआ है। हार्दिक इस रैली के ज़रिये सीधे पीएम मोदी पर हमला करना चाहते हैं जबकि पीए

Hardik-Modi- India TV Hindi
Hardik-Modi

नई दिल्ली: गुजरात चुनाव की गर्मी अपने पूरे ऊफान पर है। आज इस चुनाव की सबसे दिलचस्प तस्वीर दिखने वाली है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल तीनों गुजरात में एक साथ अपनी ताकत दिखाने वाले हैं। पाटीदारों के नेता हार्दिक पटेल तो ठीक उसी जगह पर ताल ठोकेंगे जहां पीएम मोदी की आज पहली रैली है। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात में चार रैलियां करेंगे और शुरुआत होगी मोरबी से जहां सुबह 11 बजे पीएम की पहली रैली होगी लेकिन पीएम की रैली से ठीक दो घंटा पहले सुबह 9 बजे हार्दिक पटेल मोरबी में ही रैली करेंगे।

पीएम मोदी का ये कार्यक्रम पहले से तय है जबकि हार्दिक पटेल ने आखिरी मौके पर रैली का एलान करके गुरिल्ला वॉर की रणनीति अपनाई है। हार्दिक पटेल की रैली का ऐलान मंगलवार शाम को हुआ है। हार्दिक इस रैली के ज़रिये सीधे पीएम मोदी पर हमला करना चाहते हैं जबकि पीएम मोदी ने अब तक अपनी रैलियों में हार्दिक का नाम भी नहीं लिया है। मोरबी के अलावा पीएम मोदी तीन और रैलियां करेंगे। दोपहर 1 बजे पीएम जूनागढ़ के प्राची में, साढे तीन बजे भावनगर ज़िले के पालीताना में रैली करेंगे जबकि चौथी और आखिरी रैली शाम साढे पांच बजे नवसारी में होगी।

पीएम मोदी इससे पहले सोमवार को भी चार रैलियां कर चुके हैं, उसी के बाद आनन फानन में कांग्रेस ने राहुल गांधी की रैलियों का प्रोग्राम बनाया है। पीएम मोदी की दूसरी भिड़ंत जूनागढ़ में राहुल गांधी से होगी जहां राहुल अपने दौरे की शुरुआत सोमनाथ के मंदिर में दर्शन के साथ करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सोमनाथ दर्शन के बाद दिन में 3 बजे जूनागढ़ ज़िले में ही विसावाडार में एक जनसभा करेंगे, दूसरी जनसभा साढे 4 बजे अमरेली के सावरकुंडाला में होगी। शाम साढे 5 बजे राहुल यात्रा बस से अमरेली पहुंचेंगे और रात 8 बजे रैली करके रात को वहीं रुकेंगे।

इन धड़ाधड़ रैलियों के प्रोग्राम से तय है कि कोई भी बाज़ी को कमज़ोर छोड़ना नहीं चाहता। पीएम की पहली चार रैलियों के बाद हार्दिक और राहुल अब और आक्रामक दिखना चाहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत