1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस 'दीमक' की तरह, इसे देश से उखाड़ फेंकना चाहिए : मोदी

कांग्रेस 'दीमक' की तरह, इसे देश से उखाड़ फेंकना चाहिए : मोदी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 04, 2017 11:13 pm IST,  Updated : Nov 04, 2017 11:13 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस की तुलना 'दीमक' से की और कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को निकाल फेंकना चाहिए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस की तुलना '

PM modi- India TV Hindi
PM modi Image Source : PTI

कांगड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस की तुलना 'दीमक' से की और कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को निकाल फेंकना चाहिए। कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चांबी में एक चुनावी सभा में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच भारतीय लोकतंत्र के लिए 'दीमक' की तरह खतरनाक है। उन्होंने कहा, "चूंकि यह सोच कांग्रेस में तीन-चार पीढ़ियों से है, इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि ऐसी पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंका जाए। सभी मतदाता केंद्रों से कांग्रेस का सफाया दीमक की तरह कर देना चाहिए क्योंकि यह भारत को खा रहा है।"

कांग्रेस को नोटबंदी की आलोचना के लिए आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा, "वे लोग 8 नवंबर काला दिवस के रूप में मनाएंगे और मेरा पुतला जलाएंगे। वे यह नहीं जानते हैं कि मोदी, सरदार पटेल का अनुयायी है और उसे झुकाया नहीं जा सकता।" मोदी ने कहा, "मैं यहां आपको भाजपा को जिताने के लिए कहने नहीं आया हूं। मैं यहां आपसे तीन-चौथाई बहुमत देने के लिए कहने आया हूं।"

कांगड़ा में पीएम मोदी की यह दूसरी रैली थी। राज्य की कुल 68 विधानसभा सीटों में से इस जिले में सबसे ज्यादा 15 सीटें हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मैंने सुना है कि कांग्रेस ने अपने नेताओं पर ही विश्वास खो दिया है और दूसरे पार्टियों के बागियों की तलाश कर रही है।" मोदी ने पूछा, "मैं आज भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा हूं, इसलिए उनकी (कांग्रेस) गर्दन में दर्द हो रहा है। लोग पार्टी के खिलाफ गुस्से से उबल रहे हैं। हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना चाहिए या नहीं लड़ना चाहिए? ईमानदारी को पुरस्कार दिया जाना चाहिए या नहीं दिया जाना चाहिए?"

46 मिनट के अपने भाषण में मोदी ने कहा, "हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा विकास तब हुआ था, जब अटलजी दिल्ली में थे और धूमलजी (भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल) हिमाचल में थे। आपके पास दोबारा मौका है।" मोदी ने कहा, "हिमाचल प्रदेश 'वीर भूमि' है। हमें इस धरती के जवानों पर गर्व है जो देश की रक्षा करते हैं।" हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 18 दिसंबर को गुजरात चुनाव के साथ राज्य के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत