1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शिवपाल का इस्तीफा पार्टी को कर देगा बर्बाद: मुलायम सिंह

शिवपाल का इस्तीफा पार्टी को कर देगा बर्बाद: मुलायम सिंह

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 15, 2016 05:32 pm IST,  Updated : Aug 15, 2016 05:32 pm IST

लखनऊ: समाजवादी पार्टी सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश की सपा सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार से व्यथित होकर इस्तीफे की बात कहने वाले राज्य के वरिष्ठ काबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव के समर्थन

mulayam singh- India TV Hindi
mulayam singh

लखनऊ: समाजवादी पार्टी सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश की सपा सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार से व्यथित होकर इस्तीफे की बात कहने वाले राज्य के वरिष्ठ काबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव के समर्थन में आज खुलकर बोले और कहा कि शिवपाल के खिलाफ पार्टी में साजिश हो रही है और अगर वह सपा छोड़कर गये तो पार्टी टूट जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी मुखिया ने कहा कि आज अखबारों में शिवपाल का बयान आया है, जिसमें उन्होंने प्रदेश में दलालों और दबंगों के बोलबाले पर चिंता जाहिर करते हुए इस्तीफे की बात कही है। सच्चाई यह है कि पार्टी में ही शिवपाल के खिलाफ साजिश हो रही है।

उन्होंने कहा, शिवपाल इतनी मेहनत करते हैं, काम करते हैं। कुछ लोग उनके पीछे पड़े हुए हैं। अगर वह पार्टी से अलग हो जाएंगे तो पार्टी की हालत बहुत खराब हो जाएगी। आधे लोग उनके साथ चले जाएंगे। मीडिया की मौजूदगी में ऐसे बयान पर कुछ पार्टी नेताओं ने दबे अल्फाज में उन्हें रोकने की कोशिश की तो सपा मुखिया ने कहा कि मीडिया बैठा है तो क्या हुआ, जो बात सच है वह सच है इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि कल मैनपुरी में लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह ने अवैध कब्जों पर चिंता जाहिर करते हुए इस्तीफे की चेतावनी दी थी। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, ‘पार्टी में सभी महत्वपूर्ण नेता सुविधाभोगी हो गये हैं। मैंने अखिलेश से कहा था कि गांव-देहात में निकलो, वहां रात गुजारों लेकिन वह नहीं निकले। उनके मंत्री भी नहीं निकले। सब मंत्री गड़बड़ कर रहे हैं। सपा में खुशामद का दौर है। असल कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है।’

सपा मुखिया ने यह भी कहा कि सपा भले ही अगला चुनाव नहीं जीत पाये लेकिन अगर ईमानदार लोग रहेंगे तो उससे अगला चुनाव जरूर जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह अगले महीने में 18 मण्डलों में रैलियां करेंगे तो माहौल बदलेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत