चेन्नई: अन्नाद्रमुक प्रमुख जयललिता को राज्यपाल के रोसैया ने मद्रास यूनिवर्सिटी सेनटेनरी ऑडिटोरियम में तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के पद की शपथ दिलाई। इसके बाद जयललिता कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए सचिवालय गईं। जयललिता 15वीं तमिलनाडु विधानसभा में 29 सदस्यीय मंत्रिमंडल का नेतृत्व करेंगी। शपथ-ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। जयललिता के निवास स्थान के बाहर सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा थी।
उन्होंने पहली बार 24 जून 1991 को यहीं मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। कैबिनेट में उनके भरोसमंद ओ पनरीसेलवम सहित कुल 28 मंत्री होंगे।
जयललिता अपने पास गृह, अखिल भारतीय सेवा, लोक एवं सामान्य प्रशासन विभाग रखेंगी। पनीरसेलवम को वित्त, कार्मिक और प्रशासनिक सुधार विभाग दिया जाएगा। पहले भी उनके पास यही विभाग थे।
इस बार के विधानासभा चुनाव में जयललिता की पार्टी ने 134 सीटें हासिल करके बहुमत हासिल किया है। साल 1984 के बाद तमिलनाडु में पहली बार हुआ कि किसी पार्टी ने लगातार दो बार चुनाव जीता है। विपक्षी द्रमुक ने इस चुनाव में 89 सीट जीती हैं।
शपथ ग्रहण के लिए मद्रास यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम तैयार
मद्रास विश्वविद्यालय का शताब्दी सभागार अन्नाद्रमुक सुप्रीमो जयललिता के शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार किया गया। जयललिता के लिए इस सभागार का विशेष महत्व है। उन्होंने पहली बार 24 जून 1991 को यहीं मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तत्कालीन राज्यपाल भीष्म नारायण सिंह ने उन्हें शपथ दिलायी थी। उन्होंने 2011 में भी वहीं शपथ ली थी। हालांकि 2001 में उन्होंने राज भवन में शपथ ली थी।
सभागार के बाहरी और भीतरी दोनों हिस्सों को सजाया गया है। इसके अलावा पूरे भवन को आकर्षक रोशनी से भी सजाया गया है। सभागार परिसर के अलावा फोर्ट सेंट जार्ज में मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट सहयोगियों के कक्षों का भी नए सिरे से रंगरोगन किया गया है। सचिवालय की ओर जाने वाली सड़कों को भी चमकदार बनाया गया है।