अहमदाबाद: राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल यूनाइटेड और शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा से मुकाबला करने के लिए गठबंधन किया है जहां इस साल विधानसभा चुनाव होना है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
राकांपा राज्य प्रभारी प्रफुल्ल पटेल और जदयू महासचिव के सी त्यागी ने यहां एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में इसकी घोषणा की। त्यागी ने कहा कि यह केंद्र और राज्य में विपक्षी दलों के महागठबंधन के लिए आह्वान का हिस्सा है और गुजरात से यह प्रयास शुरू हुआ है।
ये भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि गठबंधन जरूरी है क्योंकि कोई भी विपक्षी दल अकेले गुजरात में भाजपा को हरा नहीं सकता। त्यागी ने कहा, समाज का हर तबका सत्ता में बदलाव देखना चाहता है। हालांकि, विपक्षी पार्टी गुजरात में अकेले भाजपा को नहीं हरा सकती। यही कारण है कि हमने केंद्र के साथ यहां विपक्षी दलों के गठबंधन का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा, चूंकि गुजरात में निकट भविष्य में चुनाव होना है, हमने महागठबंधन के इस प्रयास को इस राज्य से शुरू करने का फैसला किया। केंद्र में मजबूत विपक्ष के गठन के लिए नीतीश कुमार ने हाल में शरद पवार और माकपा नेताओं से मुलाकात की थी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले जदयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के उभार को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों के महागठबंधन के लिए जोर दिया था। उन्होंने कांग्रेस और वाम दलों से इस संबंध में पहल करने को भी कहा था।