1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कंगना रनौत के विषय पर शिवसेना की तरफ से अब कही गई ये बात

कंगना रनौत के विषय पर शिवसेना की तरफ से अब कही गई ये बात

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 10, 2020 03:33 pm IST,  Updated : Sep 10, 2020 03:33 pm IST

पार्टी सूत्रों ने बताया कि महाविकास आघाडी सरकार अपने कॉमन मिनिमम प्रोग्राम पर चलती रहेगी। MVA सरकार का इस मुद्दे से कोई लेना देना नहीं है। 

kangana ranaut shiv sena says will not bow against congress ncp । कंगना रनौत के विषय पर शिवसेना की त- India TV Hindi
कंगना रनौत के विषय पर शिवसेना की तरफ से अब कही गई ये बात Image Source : PTI

मुंबई. मुंबई में अभिनेत्री कंगना रनौत से जुड़ा विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। शिवसेना से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शिवसेना ने तय किया हैं कि वह इस मुद्दे पर कांग्रेस-एनसीपी के दबाव में नहीं झुकेंगे। पार्टी कंगना पर अपना आक्रामक रुख जारी रखेगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि महाविकास आघाडी सरकार अपने कॉमन मिनिमम प्रोग्राम पर चलती रहेगी। MVA सरकार का इस मुद्दे से कोई लेना देना नहीं है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी के वजूद और शिवसेना प्रमुख का सम्मान बनाए रखने के लिए शिवसेना ने फैसला लिया हैं कि यह लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगी। सही समय पर पार्टी अपनी भूमिका सबके सामने रखेगी।

मुंबई पुलिस ने कंगना के घर, दफ्तर के बाहर सुरक्षा मुहैया कराई

मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री कंगना रनौत के उपनगर खार स्थित आवास और बांद्रा में उनके दफ्तर/बंगले के बाहर सुरक्षा बंदोबस्त किये हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। केंद्र सरकार ने कंगना को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। उन्होंने हाल ही में मुंबई पुलिस की आलोचना की थी और महानगर की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिस पर उठे विवाद के बाद उन्हें केंद्र की ओर सुरक्षा प्रदान की गयी है। शिवसेना ने उनके बयानों की निंदा की।

कंगना बुधवार को हिमाचल प्रदेश में अपने घर से मुंबई लौटी थीं। उनके लौटने से कुछ समय पहले ही शिवसेना के नियंत्रण वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका बीएमसी) ने उनके बांद्रा स्थित बंगले/दफ्तर में ‘अवैध निर्माण कार्यों’ को गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। हालांकि, कुछ समय बाद ही बंबई उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री को राहत देते हुए बीएमसी द्वारा अवैध निर्माण को तोड़ने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी।

अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘कंगना के खार स्थित आवास के बाहर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एक पुलिस वाहन तैनात किया गया है जिसमें अधिकारी मौजूद हैं। इस टीम में महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, उनके पाली हिल स्थित बंगले के बाहर भी इसी तरह की सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। इस बंगले को कल नगर निगम ने आंशिक रूप से गिरा दिया था।’’

सूत्रों के मुताबिक, कंगना रनौत बृहस्पतिवार को अपने पाली हिल स्थित बंगले का दौरा कर सकती हैं। कंगना ने बुधवार को मुंबई लौटने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री तथा शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की आलोचना करते हुए कहा था, ‘‘जिस तरह से उनके दफ्तर को तोड़ा गया है, एक दिन उनका भी घमंड टूटेगा।’’

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत