बेंगलुरु: कर्नाटक में मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस-JDS सरकार के लिए संकट गहराता जा रहा है। सरकार के 14 विधायक पहले ही त्यागपत्र दे चुके थे और अब 2 और विधायकों ने अपना त्यागपत्र दे दिया है। कुल मिलाकर कांग्रेस-JDS सरकार के 16 मंत्री त्यागपत्र दे चुके हैं।
Related Stories
कर्नाटक में आज दो और कांग्रेस विधायकों एम टी बी नागराज और के. सुधाकर ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इससे पहले सत्ताधारी कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के 14 विधायक पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
इस बीच बागी विधायकों को मनाने के लिए मुंबई पहुंचे कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार को हिरासत में ले लिया गया। वे उस होटल के सामने धरना दे रहे थे जहां बागी विधायक ठहरे हुए हैं। उनके साथ कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद देवड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने स्वार्थ के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
वहीं, बागी विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की जिसमें कहा गया है कि राज्य विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे पहले, विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि आठ विधायकों के इस्तीफे नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए हैं। उनका यह भी कहना था कि उन्होंने इन विधायकों को अपने सामने पेश होने का समय दिया है।
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के इस्तीफे की मांग को लेकर विधानसभा के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। विधायकों के इस्तीफे के बाद सोमवार को उन्होंने कहा था कि नैतिक आधार पर उन्हें सरकार में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।