1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मध्यप्रदेश उपचुनाव: कोलारस और मुंगावली सीट पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा

मध्यप्रदेश उपचुनाव: कोलारस और मुंगावली सीट पर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 28, 2018 10:18 pm IST,  Updated : Feb 28, 2018 10:18 pm IST

मध्य प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों कोलारस और मुंगावली में हुए उप-चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा है।

MP bypoll- India TV Hindi
MP bypoll Image Source : PTI

भोपाल: मध्य प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों कोलारस और मुंगावली में हुए उप-चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा है। कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव और मुंगावली में बृजेंद्र सिंह यादव ने जीत दर्ज की है। अशोकनगर के मुंगावली में कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार बाई साहब पर 2124 वोट के अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं शिवपुरी के कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव ने भाजपा के देवेंद्र जैन पर 8086 वोट से जीत दर्ज की है। इस तरह दोनों उप-चुनाव कांग्रेस की झोली में गए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 19 दौर में पूरी हुई। मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र यादव ने बाई साहब पर 2124 की अंतिम बढ़त बना ली और जीत दर्ज की। मुंगावली में कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को 70808 वोट हासिल हुए वहीं भाजपा प्रत्याशी को 68684 वोट मिले। 

इसी तरह शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव ने जीत हासिल की है। महेंद्र ने भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र जैन को 8086 वोटों के अंतर से परास्त किया। यादव को कुल 82518 वोट मिले, जबकि भाजपा के जैन को 73342 मत मिले। 

दोनों विधानसभा क्षेत्रों पर गौर करें तो एक बात साफ हो जाती है कि कोलारस में भाजपा लगातार पीछे चली। वहीं मुंगावली में शुरुआत में भाजपा आगे थी। उसके बाद पिछड़ी तो आगे नहीं निकल पाई। शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोक नगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। कोलारस उपचुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में आमने-सामने थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत