1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मध्य प्रदेश में जनादेश के अपहरण की साजिश सफल नहीं होगी: कांग्रेस

मध्य प्रदेश में जनादेश के अपहरण की साजिश सफल नहीं होगी: कांग्रेस

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 04, 2020 09:11 pm IST,  Updated : Mar 04, 2020 09:11 pm IST

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बुधवार को दावा किया कि भाजपा काले धन के जरिए कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनादेश के अपहरण का यह षडयंत्र कभी सफल नहीं होगा। 

Randeep Surjewala- India TV Hindi
Randeep Surjewala Image Source : FILE PHOTO

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बुधवार को दावा किया कि भाजपा काले धन के जरिए कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनादेश के अपहरण का यह षडयंत्र कभी सफल नहीं होगा। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘‘ संविधान को रौंदना भाजपा का चरित्र बन गया है। जहां जोड़ से बात नहीं बनती वहां तोड़ अपनाने लगते हैं। यह बात हज़म नहीं होती कि जनता ने सत्ता से दूर रहने का आदेश दिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश में जनादेश के अपहरण का भाजपाई षड्यंत्र कभी सफल नहीं होगा। सत्य परेशान हो सकता है पराजित नही।’’ 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि सरकार के लिए कोई खतरा नहीं है। पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘काले धन का इस्तेमाल करके चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास हो रहा है। पहले कर्नाटक में यही किया गया और कई दूसरे राज्यों में भी यही किया गया।’’

गोहिल ने आरोप लगाया, ‘‘यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी के इशारे पर हो रहा है। जनमत के खिलाफ जाने और दूसरी पार्टियों को तोड़ने की साजिश हो रही है।’’ उन्होंने कहा कि यह साजिश सफल नहीं होगी। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, ‘‘मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसी हरकत करने वालों को उच्चतम न्यायालय फटकार लगाएगा।’’ 

दरअसल, कांग्रेस का आरोप है कि कमलनाथ सरकार को गिराने के प्रयास के तहत उसके कुछ विधायकों को भाजपा द्वारा पैसे का लालच देकर अपने पाले में लाने की कोशिश चल रही है तथा कुछ विधायकों को गुरुग्राम के एक होटल में रखा गया है। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी ही अंतर्कलह से ग्रसित है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत