1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कमलनाथ के मंत्री का भाजपा पर बड़ा आरोप, कहा-15 साल में गजनवी से कई गुना ज्यादा लूट की

कमलनाथ के मंत्री का भाजपा पर बड़ा आरोप, कहा-15 साल में गजनवी से कई गुना ज्यादा लूट की

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 08, 2019 06:29 pm IST,  Updated : Sep 08, 2019 06:29 pm IST

मध्य प्रदेश के सहकारिता एवं सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने रविवार को आरोप लगाया कि पिछले 15 साल (वर्ष 2003 से वर्ष 2018 तक) के भाजपा शासनकाल में मध्य प्रदेश में जमकर लूट हुई।

Shivraj Singh Chouhan- India TV Hindi
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान Image Source : TWITTER

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के सहकारिता एवं सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने रविवार को आरोप लगाया कि पिछले 15 साल (वर्ष 2003 से वर्ष 2018 तक) के भाजपा शासनकाल में मध्य प्रदेश में जमकर लूट हुई। इस लूट में भाजपा नेताओं ने आक्रमणकारी महमूद गजनवी तक को पीछे छोड़ दिया और उससे कई गुना ज्यादा लूट की गई।

उन्होंने कहा कि इस लूट में भाजपाई गजनवी के भी ‘ग्रैंडफादर’ निकले और अब कांग्रेस सरकार ने इन सभी अवैध कामों पर रोक लगाई है। कांग्रेस के नेताओं के लगातार बयान देने पर सिंह ने कहा कि कांग्रेस जिंदा लोगों की पार्टी है और सभी लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार है।

सिंह ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, ‘‘भाजपा की सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में पूरे मध्य प्रदेश की इस प्रकार लूट की गई है, जिस प्रकार मोहम्मद गजनवी ने की थी। कोई विभाग नहीं बचा, जिसे लूटा न गया हो। आज प्रदेश कर्ज के गर्त में है, पूरा प्रदेश खोखला है। एक-एक समस्या के लिए कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री कमलनाथजी को परेशानी खड़ी हो रही है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘मेरा तो यह भी अनुभव है कि मोहम्मद गजनवी जब हिन्दुस्तान को लूटने आये थे, उसने सोमनाथ मंदिर भी लूटा था, तो रहम करके कुछ छोड़ गया था। लेकिन भाजपा ने कहीं कुछ नहीं छोड़ा।’’ सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘(लूट में) भाजपाई गजनवी के भी ‘ग्रैंडफादर’ निकले।’’

उन्होंने कहा कि 15 साल के भाजपा शासनकाल में पूरा मध्य प्रदेश खोखला हो गया। ऐसी लूट तो गजनवी ने की थी, लेकिन भाजपा ने उसको भी पीछे छोड़ दिया। सिंह ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में प्रदेश में कांग्रेस सरकार आई और अब कांग्रेस की सरकार लगातार अवैध काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल से इसकी शुरुआत हुई और पूरे प्रदेश में प्रभावी कार्रवाई की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत