1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महबूबा ने कहा, कश्मीर बहुआयामी मुद्दा, रातोंरात हल नहीं निकलेगा

महबूबा ने कहा, कश्मीर बहुआयामी मुद्दा, रातोंरात हल नहीं निकलेगा

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 10, 2016 07:14 am IST,  Updated : Sep 10, 2016 03:09 pm IST

जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर का मुद्दा बहुआयामी है और इसके हल के लिए कई स्तरों पर लगातार गंभीर प्रयास की जरूरत है। रातोरात इसका हल नहीं निकल सकता।

mehbooba mufti- India TV Hindi
mehbooba mufti

जम्मू: जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर का मुद्दा बहुआयामी है और इसके हल के लिए कई स्तरों पर लगातार गंभीर प्रयास की जरूरत है। रातोरात इसका हल नहीं निकल सकता। उन्होंने कहा, "यह एक जटिल समस्या है और मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री इस बहुआयामी चुनौतियों का हल रातोरात नहीं निकाल सकते।" मुख्यमंत्री ने कहा, "इसे हल करने के लिए कूटनीतिक और राजनीतिक स्तर पर एक संस्थागत प्रक्रिया के जरिए एक गंभीर और समावेशी प्रयास की जरूरत है।"

राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के जम्मू एवं कश्मीर के विभिन्न राजनीतिक राय वाले लोगों तक पहुंचने के प्रयास की सराहना की और कहा कि यह भारत के जीवंत लोकतंत्र के सार को दिखाता है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के लिए दरवाजे बंद करने से किसी तरह की मदद नहीं मिलने जा रही है। अंधेरे में बैठे रहने की बजाय, अलगाववादियों को सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मिलना चाहिए और मुद्दे के समाधान के लिए अमल में लाए जाने वाले रास्ते बताने चाहिए।

उन्होंने कहा, "वार्ता से दूर होने पर एक संदेश चारों तरफ गया है कि आगे आकर मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान की जगह अलगाववादी लोगों के दुखों को खत्म करने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा किसी समस्या का हल नहीं है, बल्कि बातचीत प्रक्रिया में विश्वास के जरिए ही मुद्दे का हल निकाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ संबंधों का प्रभाव राज्य की हालत पर प्रभाव डालता है। इस बात को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और मुफ्ती मोहम्मद सईद अच्छी तरह से समझते थे, जिन्होंने बिना थके विश्वास बहाली के उपायों से आंतरिक और बाहरी मोर्चे पर काम किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत