शामली: यूपी के शामली जिले के कैराना में हिंदू परिवारों के पलायन का मुद्दा तूल पकड़ता जा रहा है। बीजेपी सांसद हुकुम सिंह का दावा है कि एक समुदाय विशेष से जुड़े अपराधियों के डर से कैराना के करीब तीन सौ से ज्यादा हिंदू परिवार अपना घर-बार छोड़कर दूसरी जगह जाने को मजबूर हो गए हैं। वहीं बीजेपी के नेता संजीव बालियान का मानना है कि बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर की वजह से पलायन बढ़ रहा है जबकि समाजवादी पार्टी का कहना है कि चुनाव से पहले बीजेपी कैराना में सियासत कर रही है।
क्या है कैराना से पलायन की हकीकत?
बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के सनसनीखेज बयानों की वजह से देश की राजधानी दिल्ली से करीब सवा सौ किलोमीटर दूर यूपी के शामली जिले का कैराना इन दिनों चर्चा में आ गया है। हुकुम सिंह का दावा है कि यहां साढ़े तीन सौ हिंदू परिवारों के मकानों में ताले लगे हैं और दो साल से इन मकानों में कोई नहीं रहता है। हमारे चैनल इंडिया टीवी से एक्सक्लुसिव बातचीत में बीजेपी सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि उन्होंने पूरी पड़ताल के बाद ऐसे 346 परिवार की एक लिस्ट तैयार की है जो कैराना से पलायन कर चुके हैं।
क्या कैराना में दहशत में हैं हिंदू परिवार?
बीजेपी सांसद हुकुम सिंह का दावा है कि एक समुदाय विशेष की दबंगई और आपराधिक वारदात की वजह से ये पलायन हो रहा है। हुकुम सिंह के मुताबिक इसी समुदाय के अपराधी लोगों से रंगदारी और फिरौती मांगते हैं और जो विरोध करता है, उसकी दिन-दहाड़े हत्या कर दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि इस खास समुदाय के अपराधी आए दिन न सिर्फ हिंदू बहू-बेटियों से छेड़खानी करते हैं बल्कि उनका रेप भी करते हैं।
क्या सरकार की सरपरस्ती में गुंडागर्दी ?
कैराना को पिछले चालीस साल से जानने वाले बीजेपी सांसद हुकुम सिंह का कहना हैं कि कैराना में हिंदू परिवारों की बहू-बेटियां महफूज नहीं हैं। आए दिन उन उन्हें निशाना बनाया जाता है यही वजह है कि पिछले दो वर्षों में कैराना से हिंदू परिवारों का लगातार पलायन हो रहा है। हुकुम सिंह की मानें तो जब से समाजवादी पार्टी की सरकार बनी है तब से एक समुदाय विशेष की गुंडागर्दी अपने चरम पर है।
कैराना से हिंदू परिवारों के पलायन की लिस्ट जारी करने के बाद बीजेपी ने पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है जो 15 तारीख को कैराना का दौरा करने वाली है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई है।
एतिहासक शहर है कैराना
यूपी के शामली जिले के कैराना एक ऐतिहासिक शहर है। ऐसा माना जाता है कि पुरातन काल में कैराना में ही दानवीर कर्ण का जन्म हुआ था और इसीलिए कैराना को कर्ण की नगरी भी कहा जाता है। किसी जमाने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ये इलाका कैराना भारतीय शास्त्रीय संगीत के मशहूर किराना घराना के लिए भी जाना जाता था। भारत रत्न से सम्मानित पंडित भीमसेन जोशी भी किराना घराना के ही गायक रहे हैं।