प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के राज्यसभा सदस्यों से कहा है कि वे समाज के ग़रीब और वंचित वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए काम करें। मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पहली बार पार्टी के राज्यसभा सांसदों की क्लास ली और उनसे उनके अब तक के काम का ब्यौरा लिया। सांसदों को उनके क्षेत्र से हटकर उन इलाकों में काम करने की हिदायत दी गई जहां पार्टी ने जीत का खाता नहीं खोला है।
इस बैठक में बीजेपी के सभी 52 राज्यसभा सदस्यों ने बैठक में भाग लिया जिसे पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भी संबोधित किया।
मोदी ने अपने समापन भाषण में कहा, 'आप जिस राज्य से भी आते हैं, आपको उसके मुद्दों को उठाना चाहिए। आपको समाज के सभी वर्गों, खासतौर पर गरीबों और वंचितों को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभानी चाहिए.'
राज्यसभा सांसद पार्टी संगठन के विस्तार में भूमिका निभाएं
मोदी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें विशेष पहचान का मंच दिया है और उन्हें नए क्षेत्रों से लोगों को पार्टी से जोड़ने की दिशा में काम करना चाहिए। मोदी ने कहा कि राज्यसभा सदस्य संगठन का विस्तार करने में भी कारगर भूमिका निभा सकते हैं।
इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उनसे एक-एक लोकसभा सीट अपनाने को कहा था जहां 2014 में बीजेपी हार गई थी। शाह ने कहा कि वह उस लोकसभा के सांसद की तरह क्षेत्र में कामकाज करें ताकि अगले चुनावों में वहां से पार्टी जीत सके।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहो
प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि जनता के बीच केंद्र की उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की ज़रूरत है। सांसदों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की हिदायत दी गई। बैठक में बाकायदा सोशल मीडिया पर एक प्रेजेंटेशन दिया गया ताकि सांसदों को ट्विटर और फेसबुक पर एक्टिव होने का तरीका पता चले।