नई दिल्ली: राम मंदिर को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण उनका भव्य लक्ष्य है। भागवत कोलकाता के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
संघ प्रमुख ने कहा, ‘भारत एकमात्र भूमि है जो सबको साथ लेकर चलती है। मंदिर तो बन गया, अब भव्य मंदिर बनाना है।’ उन्होंने कहा कि ये जन्मभूमि है जो भारत की मर्यादा की प्रतीक है। भगवान राम भारत के कण-कण में बस गए हैं। राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा होकर रहेगा।
इससे पहले संघ प्रमुख ने राम मंदिर निर्माण का मुद्दा विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता रहे अशोक सिंघल के लिए आयोजित एक शोक सभा में उठाया था। तब उन्होंने कहा था कि अशोक सिंघल के सपने को पूरा करने के लिए गंभीर प्रयास करना चाहिए।
गौरतलब है कि अशोक सिंघल जीवनभर स्वयं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का समर्पित प्रचारक मानते रहे। वर्ष 1992 में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के बाद उस जगह भव्य राम मंदिर बनाने का सपना लिए वह संसार को अलविदा कह गए। बीते नवंबर माह में उनका निधन हुआ था।