लखनऊ: समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी की सरकार ने उत्तर प्रदेश में हर विभाग में बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कहा कि बाकी राज्य उत्तर प्रदेश के मुकाबले कहीं नहीं ठहरते। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी ने जो भी चुनावी वादे किए थे, वे सबके सब पूरे किए गए और साथ ही जनहित में कुछ अतिरिक्त योजनाएं भी लागू की गईं।
‘मुलायम’ संदेश यात्रा की शुरूआत के मौके पर आयोजित किए गए कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी मुखिया ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम में बोलते हुए मुलायम ने कहा कि सिपाही की भर्ती में सरकार ने मुसलमानों को प्राथमिकता दी, जिसकी वजह से अब हर थाने में मुस्लिम सिपाही तैनात है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर कमिटी में रखने का भी फैसला लिया गया है।
सत्ता के लिए किए गए संघर्षों को याद करते हुए मुलायम ने कहा कि नौजवानों ने बीएसपी सरकार में लाठियां खाईं, संघर्ष किया, तब जाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि अब नौजवान संकल्प कर लें तो फिर अगले पांच साल सरकार रहेगी, समाजवादी पार्टी इस बार सभी विरोधी पार्टियों को पीछे छोड़ेगी और 2017 में दोबारा सरकार बनाएगी।
समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष विकास यादव के नेतृत्व में शुरू हुई मुलायम संदेश यात्रा दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में यह यात्रा प्रदेश के चार मंडलों लखनऊ, कानपुर, झांसी और इलाहाबाद से होकर गुजरेगी। 20 सितंबर को लखनऊ में इसका समापन कार्यक्रम होगा। दूसरे चरण में यह यात्रा 25 सितंबर को दिल्ली में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के आवास से शुरू होकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कवर करेगी।