पुणे: भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डैशिंग और डाइनेमिक नेता बताया, जिनके हाथ देश में मौजूदा उथल-पुथल और इसकी सुरक्षा और एकता को खतरे के मद्देनजर मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। पटना साहिब से सांसद सिन्हा ने कहा, देश के मौजूदा वातावरण को देखते हुए जिसमें देश की सुरक्षा और एकता को खतरा है, यह वाकई महत्वपूर्ण है कि हमें प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करना चाहिए और इस उथल-पुथल से देश को बाहर निकालने में मदद करने के लिए उनके हाथ मजबूत करने चाहिए।
वह सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां उनकी जीवनी एनीथिंग बट खामोश पर एक परिचर्चा आयोजित की गई थी। यह पुस्तक भारती प्रधान ने लिखी है।
‘मैं 'दिल की बात' करता हूं, 'मन की बात' तो कोई और करता है’
बिहार चुनाव के समय से ही अपनी पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे शत्रुघन ने कुछ दिनों पहले सीधे पीएम नरेंद्र मोदी को ही निशाना बना दिया था। कोलकाता के साहित्या उत्सव में पहुंचे शत्रुघन ने पीएम के विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ पर टिप्पणी करते हुये कहा कि वे पीएम मोदी की तरह ‘मन की बात’ नहीं करते हैं, बल्कि अपने ‘दिल की बात’ करते हैं। हालांकि, उल्होंने माना कि अक्सर भावनाएं उन्हें अपने वश में कर लेती हैं और यह ‘महंगा पड़ जाता है।’
उन्होंने कहा कि वे ‘मन की बात’ नहीं करते जो उन्हें दूसरों से अलग करता है, यह तो कोई और (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) करता है। वे तो ‘दिल की बात’ करता हैं। मैं जो महसूस करता हूं, वही बोल देता हूं जो कभी-कभी महंगा पड़ जाता है।’ उनके अनुसार एक ऐसा भी वक्त था जब उन्होंने सोचा था कि राजनीति उनके लिए नहीं है और उन्होंने इसे छोड़ना भी चाहा था।