नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी केंद्र सरकार को लगातार 'सूट-बूट की सरकार' कहकर तंज कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके तंज के जवाब मे तंज किया है कि सूट-बूट की सरकार सूटकेस की सरकार से बेहतर है।
विपक्ष पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, '60 साल तक राज करने के बाद उन्हें गरीबों की अचानक याद आई है।'
अपने एक वर्ष के कार्यकाल की तुलना यूपीए के कार्यकाल से करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक साल पहले सरकार में हर स्तर पर भयंकर भ्रष्टाचार था, जिसकी वजह से रोजाना घोटाले सामने आए। चंद लोगों के हाथ में देश का समूचा प्राकृतिक संसाधन बांट दिया गया। उसके विपरीत आज न भष्टाचार है और मेरी सरकार के खिलाफ घोटालों का आरोप है।
यह पूछे जाने पर कि एक साल पूरा होने पर वह अपनी सरकार को 10 में से कितने नंबर देते हैं। उनका जवाब था, 'यह इस देश के लोगों का अधिकार है कि वह हमें किस तरह से आंकते हैं। मैं केवल इतना कह सकता हूं कि हमने एक ठोस बुनियाद रखी है।'
ब्लैक मनी को चुनावी मुद्दा बनाए जाने के बाद अमित शाह ने कहा था कि वह एक जुमला था।
एएनआई को दिए इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के रवैये के सवाल पर कहा, 'हम ब्लैक मनी और कर चोरी से कड़ाई से निपटना चाहते हैं। G-20 की बैठक में हमने इस मुद्दे को उठाया। कैबिनेट की पहली ही बैठक में SIT के गठन का फैसला किया। इस मसले पर हम संसद में कानून ले कर आए जो बेहद सख्त है।'