नई दिल्ली: DDCA में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग करने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि कांग्रेस फर्जी आरोप लगा रही है और अरूण जेटली उसी तरह बेदाग साबित होंगे, जैसे लालकृष्ण आडवाणी हवाला मामले में हुए थे। BJP संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेटली का पुरजोर समर्थन करते हुए कांग्रेस पर करारा प्रहार किया और कहा कि सरकार को बदनाम करने के लिए वह फर्जी आरोप लगा रही है।
संसदीय दल की बैठक में हालांकि भाजपा सांसद कीर्ति आजाद के जेटली पर लगाए गए आरोपों के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई। आजाद बैठक में उपस्थित नहीं थे। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने मोदी के हवाले से कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि सुषमा स्वराज, शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे जैसे भाजपा नेताओंं को ऐसे ही गलत आरोपों का सामना करना पड़ा था।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने इस संदर्भ में लालकृष्ण आडवाणी का उदाहरण दिया जिन्हें हवाला मामले में फंसाने का प्रयास किया गया था और वे बेदाग साबित हुए तथा कांग्रेस की रणनीति उल्टी पड़ गई थी।