1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पंजाब: नवजोत सिंह सिद्धू का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय, शीर्ष नेतृत्व की घोषणा का इंतजार

पंजाब: नवजोत सिंह सिद्धू का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय, शीर्ष नेतृत्व की घोषणा का इंतजार

 Published : Jul 15, 2021 01:33 pm IST,  Updated : Jul 15, 2021 01:55 pm IST

पंजाब कांग्रेस पार्टी के सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के गुटों के बीच चल रही खींचतान में सिद्धू बाजी मारते हुए नजर आ रहे हैं। इंडिया टीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाना लगभग तय हो चुका है...

navjot sindh sidhu- India TV Hindi
पंजाब: नवजोत सिंह सिद्धू का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय, शीर्ष नेतृत्व की घोषणा का इंतजार Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस पार्टी के सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के गुटों के बीच चल रही खींचतान में सिद्धू बाजी मारते हुए नजर आ रहे हैं। इंडिया टीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाना लगभग तय हो चुका है, सिर्फ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। बताया जाता है कि सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने का फैसला मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ही ले लिया गया था।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर सिद्धू की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा तो नहीं हुई है लेकिन सिद्धू गुट ने अपने करीबी लोगों को तैयारियां शुरू करने के लिए कहना शुरू कर दिया है। सिद्धू की अगर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति होती है तो इसे पार्टी के अंदर उनकी जीत माना जाएगा क्योंकि शीर्ष नेतृत्व से सिद्धू अध्यक्ष पद की मांग ही कर रहे थे।

इस बीच कांग्रेस पार्टी की तरफ से यह भी साफ कर दिया गया है कि पार्टी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में ही अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले साढ़े चार सालों से पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और अगला चुनाव भी उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। 

पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और विधानसभा चुनाव से पहले अगर सिद्धू की अध्यक्ष पद पर नियुक्ति होती है तो वह अपने समर्थकों को विधानसभा चुनाव लड़ने का टिकट दिलाने में कामयाब हो सकते हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी सुनील जाखड़ पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं।

सिद्धू ने लंबे समय से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है और कैप्टन सरकार की तरफ से दिया गया ऊर्जा मंत्रालय भी उन्होंने स्वीकार नहीं किया था। सिद्धू ने हाल ही में एक ट्वीट किया था जिसमें लिखा था कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को लेकर सिद्धू के विजन का हमेशा मान रखा है। ऐसा माना जा रहा था कि सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर दबाव डालने के लिए वह ट्वीट किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत