1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मुलायम ने सम्भाली कमान, कहा-परिवार में कोई मतभेद नहीं

मुलायम ने सम्भाली कमान, कहा-परिवार में कोई मतभेद नहीं

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 16, 2016 02:10 pm IST,  Updated : Sep 16, 2016 02:10 pm IST

परिवार में मचे घमासान के बीच सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने डैमेज कंट्रोल की कमान सम्भालते हुए आज कहा कि उनके परिवार में कोई मतभेद नहीं है और उनके रहते पार्टी में कोई फूट नहीं पड़ सकती।

mulayam- India TV Hindi
mulayam

लखनऊ: परिवार में मचे घमासान के बीच सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने डैमेज कंट्रोल की कमान सम्भालते हुए आज कहा कि उनके परिवार में कोई मतभेद नहीं है और उनके रहते पार्टी में कोई फूट नहीं पड़ सकती। मुलायम ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फैसला पलटते हुए भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरने के बाद बर्खास्त किये गये खनन मंत्री के खिलाफ हुई कार्रवाई वापस लेने का ऐलान करते हुए विश्वास जताया कि अखिलेश उनकी बात को नहीं काटेंगे।

मुख्यमंत्री अखिलेश और वरिष्ठ काबीना मंत्री शिवपाल यादव के बीच पिछले पांच दिन से चल रही वर्चस्व की जंग के बीच आज सुबह इन दोनों से ही मुलाकात करने वाले मुलायम ने बाद में पार्टी राज्य मुख्यालय पर जमा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। मीडिया ने इसे बड़ा रूप दिया है। उन्होंने कहा हमारे रहते पार्टी में कोई फूट नहीं हो सकती। हमने आपसे इतना संघर्ष कराकर सरकार बनायी है। बहुत सी शक्तियां हैं जो नहीं चाहती, कि हमारे परिवार में एकता रहे। इतने बड़े परिवार में कभी-कभी कुछ देर के लिये मतभेद हो जाया करते हैं, मगर अखिलेश और शिवपाल के बीच कोई झगड़ा नहीं है।

मुलायम ने इस दौरान अपने पास ही खड़े अपने करीबी और पिछले दिनों मुख्यमंत्री द्वारा खनन मंत्री के पद से बर्खास्त किये गये गायत्री प्रसाद प्रजापति की बर्खास्तगी रद्द करने का ऐलान किया और विश्वास जताया कि अखिलेश उनकी बात नहीं टालेंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को गत 12 सितम्बर को बर्खास्त कर दिया था। प्रजापति पर अवैध खनन को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने प्रदेश में जगह-जगह बड़े पैमाने पर जारी अवैध खनन की सीबीआई जांच के निर्देश दिये थे।

बहरहाल, शिवपाल ने इस्तीफा देने के बाद मुलायम से उनके आवास पर मुलाकात की। हालांकि यह मुलाकात बमुश्किल 10 मिनट ही चली। शिवपाल के मुलाकात कर लौटने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी सपा मुखिया से मिलने के लिये उनके घर गये। उसके बाद मुलायम ने पार्टी राज्य मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। मालूम हो कि विगत कुछ महीनों से गम्भीर मतभेदों से दो-चार मुलायम परिवार का द्वंद्व गत 13 सितम्बर को उस समय बढ़ गया था, जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के मुख्य सचिव दीपक सिंघल को हटा दिया था। सिंघल अखिलेश के चाचा कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के करीबी समझे जाते हैं। जैसे को तैसा की तर्ज पर मुलायम ने बेटे अखिलेश से प्रदेश सपा अध्यक्ष का पद छीनकर शिवपाल को दे दिया था, लेकिन कुछ ही घंटों में मुख्यमंत्री अखिलेश ने शिवपाल से लोक निर्माण, सिंचाई और सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभाग छीन लिये थे।

शिवपाल ने कल शाम मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। करीब 20 मिनट चली मुलाकात करके लौटने के बाद शिवपाल ने मंत्रिमंडल और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया था। हालांकि मुख्यमंत्री अखिलेश और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत