1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महिलाओं को बीजेपी से ज्यादा मौके कोई और राजनीतिक दल नहीं देता: नड्डा

महिलाओं को बीजेपी से ज्यादा मौके कोई और राजनीतिक दल नहीं देता: नड्डा

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 27, 2021 10:46 pm IST,  Updated : Jul 27, 2021 10:46 pm IST

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को आगे बढ़ने के उतने मौके नहीं देता, जितने अवसर उनकी पार्टी में मिलते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं।

No party gives as much space to women as BJP does: Nadda- India TV Hindi
जेपी नड्डा ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को आगे बढ़ने के उतने मौके नहीं देता, जितने अवसर बीजेपी में मिलते हैं। Image Source : PTI

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि कोई भी राजनीतिक दल महिलाओं को आगे बढ़ने के उतने मौके नहीं देता, जितने अवसर उनकी पार्टी में मिलते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई कदम उठाए हैं। केंद्रीय मंत्रिपरिषद् में शामिल महिला मंत्रियों के सम्मान में पार्टी की महिला मोर्चा की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘नीति में, कार्यक्रमों में, प्रशासन में या शासन में, महिलाओं को बीजेपी से ज्यादा मौके कोई और राजनीतिक दल नहीं देता। बीजेपी आगे बढ़ने का मौका भी देती है और सबका ख्याल भी रखती है।’’

केंद्रीय मंत्रिपरिषद् में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करते हुए नड्डा ने कहा कि उन्होंने हमेशा कुछ नया करने और महिलाओं को जोड़ने की बात सिखाई है। उन्होंने कहा, ‘‘महिलाओं को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। आज भारत खुले में शौच से मुक्त है, तो इससे जल-जनित रोग कम हुए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस मुफ्त मिलने से धुएं से होने वाली टीबी की बीमारी का खतरा कम हुआ है।’’

केंद्रीय मंत्रिपरिषद् में पिछले दिनों हुए विस्तार में सात और महिला मंत्रियों को शामिल किया गया था। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। मीनाक्षी लेखी, शोभा करंदलाजे, दर्शना जरदोश, अन्नपूर्णा देवी, प्रतिमा भौमिक, भारती पवार और अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली थी। इनमें अनुप्रिया पटेल को छोड़कर सभी छह नेता पहली बार केंद्रीय मंत्री बनी हैं।

हाल में मंत्री बनीं इन सात महिला नेत्रियों के अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और रेणुका सिंह सरूता पहले ही मंत्रिपरिषद् में शामिल हैं। बीजेपी महिला मोर्चा के आज के कार्यक्रम में स्मृति ईरानी और निर्मला सीतारमन सहित अन्य सभी महिला मंत्री शामिल हुईं। इस अवसर पर स्मृति ईरानी ने कहा कि यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सबसे ज्यादा महिलाओं की भूमिका मोदी सरकार में देखने को मिली। 

उन्होंने कहा कि इस बार मंत्रिपरिषद् में महिलाओं को वित्त, रेल और विदेश जैसे विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत की महिला का प्रतिबिंब इस मंत्रिपरिषद् में दिखता है। यह दरअसल देश की हर बेटी और महिला को संदेश है। जरूरी नहीं कि तुम महलों में जन्म लो। जरूरी नहीं कि किसी राजनीतिक खानदान में जन्म लेने से ही तुम्हारा भविष्य उज्ज्वल हो। अगर ठान लो तो देश की राजनीति में सम्मान के साथ तुम भी चल सकती हो।’’

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत