1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मेघालय में एनपीपी ने विलियमनगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की

मेघालय में एनपीपी ने विलियमनगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की

 Reported By: Bhasha
 Published : May 01, 2018 02:27 pm IST,  Updated : May 01, 2018 02:27 pm IST

राकांपा के उम्मीदवार जोनाथन एन. संगमा के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था...

npp meghalaya- India TV Hindi
npp meghalaya

शिलांग: मेघालय के विलियमनगर विधानसभा सीट से नेशनल पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार मारकस मारक ने चुनाव जीत लिया है जिससे सदन में पार्टी की संख्या 20 हो गई है। 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में प्रभावी सीटों की संख्या 59 है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ आर खारकोगोर ने बताया कि मारकस को 9656 वोट मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार सेंगबस आर मारक को 4736 मतों से पराजित किया।

राकांपा के उम्मीदवार जोनाथन एन. संगमा के निधन के कारण इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। राज्य में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले 18 फरवरी को आईईडी हमले में संगमा की मौत हो गई थी।

आज के चुनाव परिणाम की घोषणा के साथ ही विधानसभा में सत्तारूढ़ एनपीपी के सदस्यों की संख्या विपक्षी कांग्रेस के सदस्यों की संख्या के बराबर हो गई है।

मेघालय विधानसभा में अब कांग्रेस और एनपीपी के 20-20 सदस्य, यूनाईटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के छह, पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट के चार, भाजपा के दो, हिल्स स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के दो, खुन हायनियुटेप नेशनल अवेकनिंग मूवमेंट का एक, राकांपा का एक और तीन निर्दलीय विधायक हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत