नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के जामनगर में सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण फॉर इरिगेशन (साउनी) परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया। अब इस परियोजना से बेरोक टोक पानी की सप्लाई होगी। इस परियोजना के जरिए 10 लाख 22 हजार एकड़ भूमि को खेती के लिए पानी मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के तहत 1,126 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे नर्मदा के पानी से सौराष्ट्र के 115 डैम को पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा और अगले तीन साल के भीतर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
मोदी गुजरात दौरे पर राजकोट में एक रैली को संबोधित करेंगे। पीएम बनने के बाद मोदी की ये पहली गुजरात में जनसभा होगी। यहां पाटीदारों की संख्या ज़्यादा है। पाटीदार नेताओं ने इस दौरान पीएम से मिलने की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर विरोध की भी धमकी दी है। पीएम की इस रैली को गुजरात में होने वाले 2017 के विधानसभा चुनाव के चुनावी कैंपेन के तहत देखा जा रहा है.
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी के लिए 12,000 करोड़ रुपये की सौराष्ट्र नर्मदा अवतरण फॉर इरिगेशन (साउनी) परियोजना काफी महत्वाकांक्षी है। उन्होंने इस परियोजना की घोषणा 2012 में की थी। उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। इसके जरिए सिंचाई और पेयजल संकट झेल रहे सौराष्ट्र क्षेत्र के 115 बांधों में पानी डाला जाना है।
परियोजना का उद्घाटन करने के बाद मोदी सनोसरा कस्बे में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में करीब 80,000 लोगों के आने की उम्मीद है।